Hyderabad : प्रधानमंत्री के ‘सप्त सूत्रों’ पर भाजपा का विशेष कार्यक्रम आयोजित

Read Time:  1 min
प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री
FONT SIZE
GET APP

हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी के तेलंगाना प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा सुझाए गए “सप्त सूत्रों” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय हितों और जनभागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों के लिए जारी दस प्रमुख सुझावों वाले पत्रक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था (Economic System) को मजबूत बनाने में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

देश की आर्थिक मजबूती में जनभागीदारी पर दिया गया जोर

उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, ईंधन की बचत तथा देशी निवेश को बढ़ावा देने से भारत की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी। कार्यक्रम में अर्थशास्त्री प्रोफेसर डॉ. कृष्णा रेड्डी ने “सप्त सूत्रों” पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय आर्थिक चुनौतियों, विदेशी मुद्रा व्यय और आर्थिक स्थिरता से जुड़े विषयों पर आंकड़ों सहित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग, ईंधन की बचत, खाद्य तेल के सीमित उपयोग, प्राकृतिक खेती और घर से कार्य करने जैसी आदतें देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में सहायक होंगी।

प्रधानमंत्री द्वारा सुझाए गए “सप्त सूत्र” केवल सरकारी नीतियां नहीं

प्रोफेसर कृष्णा रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सुझाए गए “सप्त सूत्र” केवल सरकारी नीतियां नहीं, बल्कि जनसहभागिता से चलने वाला राष्ट्रीय आर्थिक अभियान हैं। यदि आम लोग अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करें तो देश की आर्थिक शक्ति को काफी मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर एन. रामचंदर राव ने कहा कि देशभक्ति केवल बलिदान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवित रहते हुए देशहित में जिम्मेदारी निभाना भी सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि देश की आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी हुई है।

“वोकल फॉर लोकल” के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा

उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही कहा कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और महंगाई को देखते हुए लोगों को खर्चों में संयम बरतना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वयं अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर उदाहरण प्रस्तुत कर चुके हैं। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हैदराबाद में उपलब्ध मेट्रो और अन्य सार्वजनिक यातायात सुविधाओं का उपयोग बढ़ाया जाना चाहिए। कार पूलिंग और विद्युत चालित वाहनों के उपयोग को भी उन्होंने ईंधन बचत के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

Ajay Kumar Shukla

लेखक परिचय

Ajay Kumar Shukla

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।