News Hindi : हैदराबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

Read Time:  1 min
तस्करी
तस्करी
FONT SIZE
GET APP

हैदराबाद । हैदराबाद सिटी पुलिस की हैदराबाद नारकोटिक्स एन्फोर्समेंट विंग (H-NEW ) ने चिक्कडपल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ड्रग (Drug) तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक स्थानीय ड्रग पेडलर, दो ड्रग सब-पेडलर और एक उपभोक्ता को गिरफ्तार किया गया है।

तस्करी गिरोह से नशीले पदार्थो सहित नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 22 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (ओजी ), 5 ग्राम एमडीएमए, 5.57 ग्राम एक्स्टसी पिल्स, 6 एलएसडी ब्लॉट्स, 4 मोबाइल फोन और 50 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3,12,980 रुपये बताई गई है। डीसीपी, टास्क फोर्स/एचन्यू, हैदराबाद सिटी गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी उम्मिदी इमैनुएल (25), कोंडापुर निवासी और वह काकीनाडा (एपी) का मूल निवासी है। वह पहले ड्रग्स का उपभोक्ता था, बाद में ड्रग पेडलर बन गया। वह डार्क वेब के जरिए प्रतिबंधित मादक पदार्थ मंगवाकर हैदराबाद में ऊंचे दामों पर बेचता था। सब-पेडलर चोडावरापु सुष्मिता देवी उर्फ लिली (21), एक सॉफ्टवेयर कर्मचारी है, जो इमैनुएल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

महिला करती थी ड्रग बिक्री से जुड़े ऑनलाइन कारोबार का संचालन

वह ड्रग बिक्री से जुड़े ऑनलाइन लेन-देन और वितरण का प्रबंधन करती थी। दूसरा सब-पेडलर गोरला साई कुमार (28), रैपिडो और स्विगी डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है। वह ड्रग्स की सप्लाई और डिलीवरी का कार्य करता था। इसके अलावा तलाबट्टुला तारक लक्ष्मीकांत अय्यप्पा (24) नामक एक उपभोक्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस पुख्ता सूचना के आधार पर एच-न्यू और चिक्कडपल्ली पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में चिक्कडपल्ली थाना में क्राइम नंबर 394/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी डार्क वेब और टोर ब्राउज़र के जरिए ड्रग्स मंगवाते थे।

क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से किया जाता था पेमेंट

भुगतान क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से किया जाता था। कूरियर सेवाओं और स्थानीय डिलीवरी एजेंटों के जरिए ड्रग्स की सप्लाई होती थी। मुख्य आरोपी की अनुपस्थिति में उसकी महिला साथी नेटवर्क का संचालन करती थी। इस कार्रवाई को एच-न्यू इंस्पेक्टर एस. बाला स्वामी, चिक्कडपल्ली थाने के एसआई पी. अभिलाष एवं उनकी टीमों ने अंजाम दिया।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

Ajay Kumar Shukla

लेखक परिचय

Ajay Kumar Shukla

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।