ढाका । बांग्लादेश की राजनीति में बुधवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान (Tarik Rehman) 17 साल के लंबे निर्वासन के बाद लंदन से स्वदेश लौटे। उनकी वापसी को बीएनपी फरवरी 2026 में प्रस्तावित आम चुनावों से पहले एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के तौर पर देख रही है।
सिलहट में उतरा विमान, ढाका के लिए हुए रवाना
तारिक रहमान का विमान पहले सिलहट के उस्मानी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा, जहां से वे आगे ढाका के लिए रवाना हुए। बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया।
खालिदा जिया से मुलाकात का कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, सिलहट पहुंचने के बाद तारिक रहमान अपनी मां और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया (Khalida Jiya) से मिलने के लिए अस्पताल जाएंगे। इसके बाद वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
समर्थकों में उत्साह, सड़कों पर उमड़ा हुजूम
तारिक रहमान की वापसी की खबर मिलते ही बीएनपी समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। ढाका और सिलहट समेत कई शहरों में सड़कों पर समर्थकों का भारी जमावड़ा देखने को मिला।
विस्फोट के बाद राजधानी में हिंसा, माहौल तनावपूर्ण
इस बीच बांग्लादेश में हालात पहले से ही तनावपूर्ण बने हुए हैं। बुधवार को ढाका में हुए एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद राजधानी में हिंसा भड़क उठी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि देर रात ढाका विश्वविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ की गई।
ढाका विश्वविद्यालय में तोड़फोड़ से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवी काजी नजरुल इस्लाम की कविताएं पढ़ते और धार्मिक नारे लगाते हुए टेबल-कुर्सियां तोड़ते रहे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
तारिक की वापसी पर हाई अलर्ट, एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा
ऐसे संवेदनशील माहौल में तारिक रहमान की वापसी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा की कई परतें तैनात की गई हैं।
सेना से लेकर रैब तक तैनात, बुलेटप्रूफ बस से निकासी
वीवीआईपी टर्मिनल के मुख्य द्वार पर सेना, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी), वायुसेना, पुलिस और रैपिड एक्शन बटालियन (रैब) के जवान तैनात हैं। तारिक रहमान को एयरपोर्ट से बुलेटप्रूफ बस के जरिए बाहर ले जाया जाएगा।
दोपहर में ढाका पहुंचने का कार्यक्रम
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, तारिक रहमान का विमान स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:45 बजे सिलहट से उड़ान भरकर दोपहर करीब 12 बजे ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड करेगा। एयरपोर्ट पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की भी जानकारी है।
Read also : दक्षिण मध्य रेलवे पर क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न
पहले से उबाल पर राजनीति, तारिक की वापसी से बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि 19 दिसंबर को छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद से पूरे बांग्लादेश में हिंसा और विरोध प्रदर्शन जारी हैं। ऐसे में तारिक रहमान की वापसी ने देश के पहले से गर्म राजनीतिक माहौल को और अधिक उबाल पर ला दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि उनकी सक्रिय राजनीति में वापसी बांग्लादेश की सत्ता की दिशा को किस ओर मोड़ती है।
Read More :