ब्रासीलिया । ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य अलागोआस में एक भीषण सड़क हादसे (Fatal road accidents) ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। धार्मिक उत्सव से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
तीखे मोड़ पर पलटी बस, मची चीख-पुकार
यह हादसा अलागोआस के एक ग्रामीण क्षेत्र में उस समय हुआ, जब बस एक तीखे मोड़ से गुजर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ पर तेज रफ्तार बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे, जबकि कई लोग बस के मलबे के नीचे दब गए।
क्षमता से ज्यादा यात्रियों से भरी थी बस
प्रशासन की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक करीब 60 यात्री सवार थे। अधिक भीड़ और तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
धार्मिक उत्सव से लौट रहे थे सभी यात्री
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि बस में सवार सभी लोग ‘आवर लेडी ऑफ कैंडेलरिया’ (Our Lady of Candelaria) नामक प्रसिद्ध धार्मिक उत्सव में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। यह उत्सव ब्राजील के सेआरा राज्य में हर साल 2 फरवरी को मनाया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। खुशी और आस्था से भरा यह सफर घर पहुंचने से पहले ही मातम में बदल गया।
राहत और बचाव कार्य में आई मुश्किलें
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड (Fire Brigade) और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल को मलबे में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल की स्थिति बेहद भयावह थी। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
अन्य पढ़े: सलामी बल्लेबाज पर फैसला 7 फरवरी को- सूर्यकुमार यादव
कई घायल, एक बच्चे की हालत नाजुक
डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में घायल हुए दर्जनों यात्रियों में से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। खासकर एक बच्चे की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है, जिसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
जांच के आदेश, शोक में डूबा इलाका
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और सड़क की स्थिति की भी जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read More :