वॉशिंगटन। अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन (Jeffrey Epstein) की 2019 में हुई मौत आज भी रहस्यों के घेरे में है। न्यूयॉर्क की जेल में हुई इस संदिग्ध मौत को लेकर फॉरेंसिक पैथोलॉजिस्ट डॉ. मिशेल बाडेन ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उनका कहना है कि एपस्टीन की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला घोंटने की वजह से हुई थी।
पोस्टमार्टम विश्लेषण के बाद हत्या का दावा
डॉ. बाडेन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट (Postmartam Report) के सूक्ष्म अध्ययन के बाद इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला करार दिया है। उनके मुताबिक, रिपोर्ट में दर्ज चोटें सामान्य आत्महत्या के पैटर्न से बिल्कुल अलग हैं।
गर्दन पर मिले फ्रैक्चर ने बढ़ाया शक
एक हालिया इंटरव्यू में डॉ. बाडेन ने बताया कि एपस्टीन की गर्दन में तीन अलग-अलग जगहों पर फ्रैक्चर पाए गए थे। उन्होंने कहा कि अपने लंबे करियर में उन्होंने फांसी लगाने के किसी भी मामले में इस तरह के गंभीर फ्रैक्चर नहीं देखे हैं।
निशानों की स्थिति से गला घोंटने की आशंका
डॉ. बाडेन के अनुसार, एपस्टीन की गर्दन पर तीन निशान थे—दो आगे की ओर और एक पीछे की तरफ—जो सीधे तौर पर गला घोंटे जाने की ओर इशारा करते हैं। यही वजह है कि वह आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हैं।
आधिकारिक रिपोर्ट पर उठे सवाल
उस समय की चीफ मेडिकल एग्जामिनर डॉ. बारबरा सैंपसन (Dr. Barbara Sampson) ने इस मौत को आधिकारिक तौर पर आत्महत्या बताया था। हालांकि डॉ. बाडेन ने दावा किया कि सैंपसन पोस्टमार्टम के वक्त मौजूद नहीं थीं और मौत के महज पांच दिन बाद ही जल्दबाजी में डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया था।
गहन जांच की जरूरत पर सहमति
डॉ. बाडेन ने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम करने वाले अन्य विशेषज्ञों की राय थी कि असली कारण जानने के लिए और अधिक गहन जांच जरूरी थी, लेकिन उस दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
पहले भी जता चुके हैं वकील असंतोष
एपस्टीन के वकील पहले ही मेडिकल एग्जामिनर की रिपोर्ट पर सवाल उठा चुके हैं। अगस्त 2019 में जेल के भीतर हुई इस हाई-प्रोफाइल मौत ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था, क्योंकि एपस्टीन के संबंध कई प्रभावशाली और ताकतवर हस्तियों से बताए जाते रहे हैं।
अन्य पढ़े: बांग्लादेश में BNP लहर, तारिक की डबल जीत!
एक बार फिर साजिश की बहस तेज
डॉ. बाडेन के इन नए दावों ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि क्या जेफ्री एपस्टीन की मौत के पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है।
Read More :