Budget 2026-27- यूपी में बजट तैयारी तेज, CM योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावों की समीक्षा की

Read Time:  1 min
CM योगी आदित्यनाथ
CM योगी आदित्यनाथ
FONT SIZE
GET APP

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने बजट प्रस्तावों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि आने वाला बजट प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह लोककल्याण पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास, सुरक्षा और समृद्धि के पिछले नौ वर्षों के अनुभव को आगे बढ़ाते हुए सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

बजट प्रस्तावों पर सीएम योगी का व्यापक मंथन

मुख्यमंत्री ने अपने अधीन विभागों और राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) से जुड़े विभागों के बजट प्रस्तावों, नई मांगों और केंद्रीय बजट 2026-27 के परिप्रेक्ष्य में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान बजट स्वीकृति और खर्च की स्थिति की भी विभागवार समीक्षा की गई।

केंद्र के बजट को ध्यान में रखकर संशोधन के निर्देश

सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एक फरवरी को केंद्र सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले आम बजट (Budget) में उत्तर प्रदेश से जुड़े प्रावधानों का गहन अध्ययन किया जाए और उसी अनुरूप विभागीय बजट प्रस्तावों में आवश्यक संशोधन किए जाएं, ताकि राज्य को अधिकतम लाभ मिल सके।

गरीब, किसान, महिला और युवा बजट के केंद्र में

बैठक में बताया गया कि 2026-27 के बजट प्रस्तावों में लोककल्याणकारी योजनाओं की निरंतरता, सामाजिक सुरक्षा के विस्तार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष फोकस रखा गया है। खाद्य सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रावधानों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।

मजबूत कानून-व्यवस्था को बताया विकास की नींव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में मजबूत कानून-व्यवस्था ही विकास और निवेश की बुनियाद है। उन्होंने पुलिस, न्याय और प्रशासन (Law and Administration) से जुड़े विभागों को ऐसे प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जो जन-सुरक्षा, त्वरित न्याय और आम नागरिक के भरोसे को और सुदृढ़ करें।

अवसंरचना और रोजगार सृजन पर जोर

सड़क, भवन और अन्य अवसंरचनात्मक विकास से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि इनका उद्देश्य प्रदेश की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

लोककल्याण और वित्तीय अनुशासन पर समान बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोककल्याण और वित्तीय अनुशासन एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि संसाधनों का उपयोग योजनाओं की गुणवत्ता सुधारने, समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और जनता को ठोस परिणाम दिखाने के लिए किया जाए।

Read Also : Republic Day- कर्तव्य पथ पर ऑपरेशन सिंदूर, तीनों सेनाओं की एकजुट ताकत दिखेगी

‘आगामी बजट प्रदेश की नई पहचान को और मजबूत करेगा’

सीएम योगी ने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने देशभर में जो नई पहचान बनाई है, आगामी बजट उसी विश्वास को और मजबूत करने वाला होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जन-आकांक्षाओं, क्षेत्रीय जरूरतों और दीर्घकालिक विकास के संतुलन के साथ प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।