नई दिल्ली,। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए अब ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना महंगा साबित हो सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Traffic Police) और डायल-जीएमआर (Dial-GMR) ने एयरपोर्ट क्षेत्र में ऑटोमेटेड ई-चालान सिस्टम को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत अब बिना पुलिसकर्मी की मौजूदगी के भी ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर स्वत: कार्रवाई होगी।
एयरपोर्ट क्षेत्र में लगाए गए हाईटेक कैमरे
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सड़क सुरक्षा मजबूत करने और एयरपोर्ट (Airport) के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह तकनीक लागू की गई है। इसके तहत एयरपोर्ट रोड नेटवर्क पर हाई-डेफिनिशन एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे लगाए जा रहे हैं। फिलहाल एयरपोर्ट क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर 14 कैमरे स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 35 अतिरिक्त कैमरे लगाने का काम अंतिम चरण में है। आने वाले समय में पूरा एयरपोर्ट इलाका स्मार्ट निगरानी प्रणाली के दायरे में होगा।
नियम तोड़ते ही कटेगा चालान
यह पूरी प्रणाली स्वचालित तरीके से काम करेगी। जैसे ही कोई वाहन तेज रफ्तार में चलता है, गलत दिशा में वाहन चलाता है, रेड लाइट जंप करता है या अवैध पार्किंग करता है, कैमरे तुरंत वाहन की नंबर प्लेट रिकॉर्ड कर लेंगे। इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया चलाने और ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर भी कैमरों की नजर रहेगी। रिकॉर्ड किया गया डेटा सीधे दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर के सिस्टम से जुड़ा रहेगा, जहां सत्यापन के बाद तुरंत ई-चालान जारी किया जाएगा।
इन इलाकों में शुरू हुई सख्त निगरानी
एयरपोर्ट के आसपास कई प्रमुख स्थानों पर निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई है। इनमें सेंट्रल स्पाइन रोड, कार्गो टर्मिनल, रंगपुरी, सेंटॉर होटल जंक्शन, एरोसिटी, एनएसजी जंक्शन और टर्मिनल-1 एग्जिट रोड शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से ट्रैफिक जाम कम करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
अन्य पढ़े: सुवेंदु अधिकारी के PA की पेशेवर हत्या
यात्रियों को बरतनी होगी अतिरिक्त सावधानी
डायल-जीएमआर और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार अब नियम तोड़ने पर चालान सीधे मोबाइल फोन और पते पर भेजा जाएगा। ऐसे में एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों और कर्मचारियों को पहले से अधिक सतर्क रहने की जरूरत होगी।
Read More :