जमुई। बिहार के जमुई जिले में एक बार फिर अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। चरकापथर थाना क्षेत्र के थमहन पंचायत अंतर्गत चिल्काखांड़ गांव निवासी और पूर्व नक्सली कमांडर लखन यादव (Naxli Commander Lakhan Yadav) की शनिवार देर शाम अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बाराटांड गांव के पास घात लगाकर हमला
मिली जानकारी के अनुसार लखन यादव शनिवार देर शाम बाराटांड (Baratand) आदिवासी टोला में आयोजित तीन दिवसीय क्रिसमस (सोहराय) कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसे आधा दर्जन से अधिक गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही चरकापत्थर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।
कई नक्सली मामलों में रहा है आरोपित
गौरतलब है कि लखन यादव का नक्सली पृष्ठभूमि से गहरा नाता रहा है। वह झाझा जीआरपी (Jhajha GRP) लूटकांड, बोंगी क्षेत्र में सड़क निर्माण कंपनी की जेसीबी जलाने समेत कई बड़ी नक्सली घटनाओं का आरोपित रहा है। वर्ष 2020 में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, जिसकी निशानदेही पर उसके घर के पास से हथियारों का जखीरा भी बरामद किया गया था।
जमानत पर था बाहर, हत्या के कारणों की जांच
बताया जा रहा है कि लखन यादव फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पुराने नक्सली विवाद या अन्य आपराधिक कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
Read also : Nandyala road accident : नांदयाल सड़क हादसा: कार–बस टक्कर में हैदराबाद के 4 लोगों की मौत
परिवार में मचा कोहराम
परिवारिक सूत्रों के अनुसार मृतक ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उसे एक पुत्र और एक पुत्री हैं, जबकि दूसरी पत्नी से एक पुत्र है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
Read More :