हापुड़ । रसोई गैस की किल्लत के बीच उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले (Hapud District) में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध जमाखोरी का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों की टीम ने छापेमारी के दौरान स्थानीय नेता अब्दुल रेहान (Abdul Rehan) के घर से 55 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर (LPG Cyliender) बरामद किए हैं। प्रशासन का मानना है कि गैस संकट का फायदा उठाकर इन सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जिला प्रशासन को पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इलाके में कुछ लोग बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जमा कर कालाबाजारी कर रहे हैं। इसी बीच अधिकारियों को अब्दुल रेहान के घर में सिलेंडरों का भंडारण होने की सटीक सूचना मिली। इसके बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापे के दौरान घर और स्टोर रूम में बड़ी संख्या में सिलेंडर रखे मिले। अधिकारियों ने मौके से 55 एलपीजी सिलेंडर बरामद कर जब्त कर लिए और उन्हें सुरक्षित रूप से संबंधित विभाग के सुपुर्द कर दिया।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना सामने आने के बाद इलाके के लोगों में काफी नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गैस एजेंसियों के कई चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ प्रभावशाली लोग बड़ी मात्रा में सिलेंडर जमा कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि इसी तरह की जमाखोरी से बाजार में कृत्रिम कमी पैदा होती है और आम आदमी को परेशानी झेलनी पड़ती है।
नेटवर्क की जांच में जुटा प्रशासन
प्रशासन अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार गैस एजेंसियों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतने सिलेंडर किन नामों पर बुक किए गए और एक ही जगह पर कैसे जमा हुए। हापुड़ देहात थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। चूंकि इस मामले में सजा का प्रावधान सात साल से कम है, इसलिए आरोपी को फिलहाल थाने से जमानत दे दी गई है।
अन्य पढ़े: PM Modi- एलपीजी संकट पर पीएम मोदी की अपील- शांति रखें, घबराएं नहीं
कालाबाजारी करने वालों पर सख्ती
प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार के निर्देश पर जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि संकट के समय जनता के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More :