West Bengal- चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब CBI के हाथों में, सात सदस्यीय SIT गठित

Read Time:  1 min
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड
FONT SIZE
GET APP

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। केंद्रीय एजेंसी ने मंगलवार से आधिकारिक रूप से मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। सीबीआई ने बयान जारी कर बताया कि इस हाईप्रोफाइल केस की जांच के लिए डीआईजी रैंक (DIG Rank) के अधिकारी की अगुवाई में सात सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। चंद्रनाथ रथ पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) थे। उनकी हत्या के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई थी।

बंगाल पुलिस की सिफारिश पर CBI की एंट्री

इस मामले में पहले पश्चिम बंगाल पुलिस की एसआईटी जांच कर रही थी। बाद में राज्य पुलिस ने ही केस को सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की। इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने राज्य पुलिस से केस का पूरा प्रभार अपने हाथ में ले लिया। इसी बीच उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन संदिग्ध शार्पशूटरों की गिरफ्तारी ने मामले को नया मोड़ दे दिया। पश्चिम बंगाल पुलिस की एसआईटी ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर इन आरोपियों को पकड़ा।

तीन आरोपी गिरफ्तार, अदालत ने भेजा हिरासत में

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया गया। इसके बाद उत्तरी 24 परगना जिले की अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 13 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि हमलावर पश्चिम बंगाल के बाहर से आए थे। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश और बिहार भेजा गया था।

बेहद करीब से की गई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। बताया गया कि चंद्रनाथ रथ की कार को रास्ते में रोका गया, जिसके बाद पीछे चल रही दो मोटरसाइकिलों में से एक उनकी गाड़ी के बराबर आ गई। मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर ने बेहद करीब से करीब 10 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए।

अन्य पढें: सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल: चांदी ₹2.56 लाख के पार

राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल

मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजरें सीबीआई जांच पर टिकी हैं कि इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड के पीछे की साजिश का खुलासा कब तक हो पाता है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।