Delhi- एनआईए की बड़ी कार्रवाई, छह यूक्रेनी नागरिक गिरफ्तार, एक अमेरिकी भी हिरासत में

Read Time:  1 min
एनआईए
एनआईए
FONT SIZE
GET APP

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने छह यूक्रेनी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इन पर अवैध रूप से मिजोरम में प्रवेश करने और फिर पड़ोसी देश म्यांमार जाकर उग्रवादियों को लड़ाई की ट्रेनिंग देने का आरोप है।

ट्रांजिट प्वाइंट्स से गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक एनआईए ने दिल्ली और लखनऊ समेत कई प्रमुख ट्रांजिट प्वाइंट्स (Tranjit Points) से इन छह यूक्रेनी नागरिकों को पकड़ा है। इसके अलावा एक अमेरिकी नागरिक को कोलकाता एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया है, जिसकी पहचान मैथ्यू वैनडाइक के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बिना अनुमति संवेदनशील क्षेत्र में प्रवेश

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जांच एजेंसियों का दावा है कि ये सभी विदेशी नागरिक मिजोरम पहुंचे थे, जो कि सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील राज्य माना जाता है। यह राज्य म्यांमार के साथ करीब 510 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है। इस क्षेत्र में विदेशी नागरिकों के प्रवेश के लिए ‘रिस्ट्रिक्टेड एरिया परमिट’ अनिवार्य है, लेकिन आरोप है कि इन लोगों ने बिना अनुमति के इस क्षेत्र में प्रवेश किया।

ड्रोन तकनीक से जुड़ा मामला

एजेंसियों का यह भी कहना है कि इन विदेशी नागरिकों ने म्यांमार (Myanmar) के अंदर सक्रिय कुछ जातीय सशस्त्र समूहों से संपर्क किया और उन्हें कथित तौर पर प्रशिक्षण और उपकरण उपलब्ध कराए। पकड़े गए ये सभी नागरिक ड्रोन तकनीक में माहिर बताए जा रहे हैं।

सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी

खुफिया सूत्र बताते हैं कि ये लोग म्यांमार के आतंकी ग्रुप को ड्रोन वॉरफेयर सिखाने आए थे। अगर ये समूह आधुनिक ड्रोन से लैस हो गए, तो इसका सीधा असर भारत के मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड की सुरक्षा पर पड़ सकता है।

यूक्रेन ने जताई आपत्ति

इस पूरे मामले पर यूक्रेन ने कड़ा रुख अपनाया है। भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सैंडर पोलिशचक ने विदेश मंत्रालय को औपचारिक विरोध पत्र सौंपा है। यूक्रेन का कहना है कि उसके नागरिकों के खिलाफ अब तक किसी भी आपराधिक गतिविधि के ठोस सबूत सामने नहीं आए हैं।

वियना संधि का हवाला

रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने यह भी आरोप लगाया है कि हिरासत में लिए गए नागरिकों की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई, जो कि वियना संधि के प्रावधानों का उल्लंघन है। इस संधि के तहत किसी भी विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी या हिरासत की स्थिति में उसके देश के दूतावास को तुरंत सूचित करना जरूरी होता है।

कोर्ट में सुनवाई और हिरासत बढ़ी

इस बीच कानूनी प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। 16 मार्च को दिल्ली की एक कोर्ट में सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों की हिरासत 27 मार्च तक बढ़ा दी गई। सुनवाई के दौरान यूक्रेनी दूतावास के अधिकारी मौजूद थे, लेकिन उन्हें हिरासत में लिए गए लोगों से सीधे मिलने की अनुमति नहीं दी गई, जिसे लेकर यूक्रेन ने आपत्ति जताई है।

अन्य पढ़े: महंगाई का दोहरा प्रहार

अमेरिकी नागरिक पर भी नजर

वहीं, अमेरिकी नागरिक मैथ्यू वैनडाइक को लेकर अमेरिका ने फिलहाल सतर्क रुख अपनाया है। अमेरिकी दूतावास ने मामले की जानकारी होने की पुष्टि की है, लेकिन गोपनीयता के चलते इस पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और 27 मार्च तक की अवधि को अहम माना जा रहा है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।