नई दिल्ली। गुजरात सरकार ने बुधवार को राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 72 आईएएस (72 IAS) अधिकारियों का तबादला और नई नियुक्तियां की हैं। इस व्यापक फेरबदल के तहत कई जिलों के कलेक्टर, नगर आयुक्त और विभिन्न विभागों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसे हाल के वर्षों में राज्य का सबसे बड़ा प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।
कई जिलों के कलेक्टर बदले
इस फेरबदल में अहमदाबाद (Ahemdabad) सूरत, भरूच, नवसारी, मोरबी, दाहोद, जूनागढ़, वलसाड, कच्छ-भुज, अरावली, बोटाद, तापी, नर्मदा और खेड़ा समेत कई जिलों में नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। गांधीनगर और शहरी विकास से जुड़े कई विभागों में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं।
अहमदाबाद और सूरत में नई नियुक्तियां
प्रमुख बदलावों में अहमदाबाद के कलेक्टर सुजीत कुमार को राज्य कर विभाग का विशेष आयुक्त बनाया गया है। वहीं वलसाड की पूर्व कलेक्टर भव्य वर्मा को अहमदाबाद का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। सूरत के कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी को नागरिक आपूर्ति विभाग का निदेशक बनाया गया है, जबकि जूनागढ़ के पूर्व नगर आयुक्त तेजस परमार को सूरत का नया कलेक्टर बनाया गया है।
ऊर्जा और शिक्षा विभाग में भी बदलाव
जामनगर नगर निगम में कार्यरत डी.एन. मोदी को गांधीनगर में विकास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। कच्छ-भुज के पूर्व कलेक्टर आनंद पटेल को स्कूल शिक्षा आयुक्त नियुक्त किया गया है। उन्हें पीएम-पोषण और GCERT से जुड़े अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपे गए हैं। इसके अलावा अजय प्रकाश को गुजरात ऊर्जा पारेषण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गौरंग मकवाना को जलवायु परिवर्तन विभाग में भेजते हुए राज्य की कई ऊर्जा कंपनियों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
नगर निगम और जिला प्रशासन में अदला-बदली
सरकार ने नगर निगमों और जिला प्रशासन के बीच भी बड़े स्तर पर अधिकारियों की अदला-बदली की है। जूनागढ़, मोरबी, नवसारी, वापी, मेहसाणा, सुरेंद्रनगर और गांधीधाम जैसे क्षेत्रों में कई नए अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं। कई नगर आयुक्तों को जिला प्रशासन में भेजा गया है, जबकि कुछ जिला अधिकारियों को नगर निगमों में तैनात किया गया है।
आदिवासी इलाकों और शहरी निकायों पर फोकस
फेरबदल में जिला विकास अधिकारियों और सहायक कलेक्टरों के तबादले भी शामिल हैं। कई अधिकारियों को आदिवासी क्षेत्र उप-योजना वाले इलाकों में प्रोजेक्ट एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं अहमदाबाद और वडोदरा नगर निगम समेत कई शहरी निकायों में भी नई पोस्टिंग की गई है।
अन्य पढें: सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल: चांदी ₹2.56 लाख के पार
प्रशासनिक कार्यों को मजबूत करने की तैयारी
अधिकारियों के मुताबिक यह बदलाव राजस्व प्रशासन, शहरी विकास, आधारभूत संरचना, ऊर्जा प्रबंधन और कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को ध्यान में रखकर किया गया है। सरकार का मानना है कि इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी और समन्वय बढ़ेगा।
Read More :