Mumbai- मराठी अभिनेत्री हेमलता आदित्य 1.5 करोड़ की फिरौती लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Read Time:  1 min
हेमलता आदित्य
हेमलता आदित्य
FONT SIZE
GET APP

मुंबई, । मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन स्क्वॉड ने गोरेगांव के एक बिल्डर से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच (Crime Branch) ने दोनों को फिरौती की पहली किस्त 1.5 करोड़ रुपये लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

मराठी अभिनेत्री हेमलता पाटकर भी आरोपी

गिरफ्तार महिलाओं में कांदिवली की रहने वाली मराठी अभिनेत्री हेमलता आदित्य (Actress Hemlata Aditya) पाटकर उर्फ हेमलता बाने (39) का नाम भी शामिल है। उनके साथ सांताक्रूज निवासी अमरिना इकबाल झवेरी उर्फ एलिस उर्फ अमरिना मैथ्यू फर्नांडिस (33) को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया गया है।

पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस ने कोर्ट को बताया कि हेमलता पाटकर के खिलाफ पहले से ही मेघवाड़ी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 452, 323 और 504 के तहत मामला दर्ज है। जांच एजेंसियों का कहना है कि यह पता लगाना जरूरी है कि आरोपी पहले भी ऐसे कितने अपराधों में शामिल रही हैं।

पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग

जांच अधिकारियों ने कोर्ट से दोनों आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के लिए हेमलता पाटकर के हैंडराइटिंग सैंपल और अमरिना झवेरी के वॉयस सैंपल लेना बाकी है। साथ ही, दोनों महिलाएं जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं।

अन्य पीड़ितों से भी उगाही की आशंका

पुलिस को संदेह है कि आरोपियों ने कुछ फरार साथियों के साथ मिलकर अन्य लोगों से भी फिरौती वसूलने की साजिश रची हो सकती है। इस एंगल से भी मामले की गहन जांच की जा रही है।

बिल्डर से बेटे का केस निपटाने के नाम पर मांगी थी रकम

शिकायतकर्ता अरविंद गोयल (52), जो गोरेगांव पश्चिम के रहने वाले और पेशे से बिल्डर हैं, ने बताया कि आरोपियों ने उनके बेटे के खिलाफ आंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज एक आपराधिक मामले को निपटाने के बदले 10 करोड़ रुपये की मांग की थी। इस संबंध में उन्होंने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।