पुलिस ने 14 लोगों को किया गिरफ्तार, 40 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
यूपी के आजमगढ़ में शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे दो पक्षों में बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पथराव के साथ ही लाठी-डंडे से पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। हमले में बरदह थाने के एसओ समेत सात पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। 24 नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 14 को गिरफ्तार कर लिया है। महिलाओं समेत करीब 40 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में सोनू राजभर और मनकू के परिवार के लोगों के बीच दो दिन पहले गांव में आई बरात में डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया था। लोगों ने किसी तरह बीचबचाव कर मामला शांत कराया था। शुक्रवार रात करीब दस बजे सोनू के परिवार के लोग दीदारगंज निवासी अपने रिश्तेदार के साथ कार से घर लौट रहे थे। गांव में पहुंचने पर मनकू के पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। कार क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। पुलिसकर्मियों ने बरदह एसओ को जानकारी दी। एसओ राजीव सिंह थाने की फोर्स के साथ बर्रा पहुंचे। वहां बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष लाठी-डंडों से लैस थे। पुलिस को देखते ही हमलावरों ने हमला बोल दिया।
5 थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे SSP
पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। एसओ राजीव सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की खबर मिलने के बाद एसएसपी हेमराज मीना पांच थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तब जाकर स्थिति नियंत्रित हुई। एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में बरदह थाने के एसआई सुरेशचंद्र मिश्रा की तहरीर पर 24 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसओ के सिर में गंभीर चोटें
बरदह थाने के एसओ राजीव सिंह को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा बरदह थाने के उपनिरीक्षक महेंद्र यादव और मनीष सिंह भी चोटिल हुए हैं। कांस्टेबल वियंगल यादव, सूरज, अनिल और बाल्मिकि भी घायल हो गए। इनमें एसओ राजीव सिंह को गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए
बर्रा गांव में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा बरदह थाने के एसआई की तहरीर पर दर्ज किया गया है। इसमें 24 नामजद और 30 अज्ञात शामिल हैं। दूसरा मुकदमा सोनू राजभर की तहरीर पर दर्ज किया है। सात नामजद और तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दोनों मुकदमों में गांव के मनकू और उसके परिजनों को मुख्य आरोपी बनाया है।
- Bikaner : डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों की दर्दनाक मौत
- National- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा ऐलान, अगले साल से ऑनलाइन होगा NEET एग्जाम
- Bihar- ‘नो व्हीकल डे’ पर पैदल सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, छोड़ी सरकारी गाड़ी
- National- NEET री-एग्जाम की तारीख घोषित, 21 जून को फिर दोबारा होगी परीक्षा
- Jodhpur : ससुर के निधन का सदमा नहीं सह पाई बहू, ब्रेन हेमरेज से हुई मौत