नई दिल्ली। नीट यूजी 2026 पेपर लीक विवाद (Paper Leak Controversy) के बाद रद्द की गई परीक्षा को लेकर लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने री-एग्जाम की नई तारीख घोषित कर दी है। देशभर में अब यह परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। करीब 23 लाख से अधिक छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्र लगातार दोबारा परीक्षा की तारीख को लेकर संशय में थे। अब एनटीए की आधिकारिक घोषणा के बाद छात्रों को तैयारी तेज करने की सलाह दी गई है।
जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड
एनटीए के अनुसार री-एग्जाम के एडमिट कार्ड अगले कुछ दिनों में जारी कर दिए जाएंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें, ताकि किसी महत्वपूर्ण सूचना से चूक न हो।
दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही परीक्षा के लिए आवेदन किया था, उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही छात्रों से किसी प्रकार की अतिरिक्त परीक्षा फीस भी नहीं ली जाएगी। एजेंसी ने कहा कि पहले से पंजीकृत सभी अभ्यर्थी सीधे री-एग्जाम में शामिल हो सकेंगे।
पेपर लीक से मचा था हड़कंप
नीट यूजी परीक्षा से पहले कथित ‘गेस पेपर’ लीक होने का मामला सामने आया था। राजस्थान के सीकर समेत कुछ कोचिंग सेंटरों में व्हाट्सएप के जरिए छात्रों तक प्रश्नपत्र जैसे सवाल पहुंचाए जाने के आरोप लगे थे। राजस्थान एसओजी की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई कि परीक्षा में पूछे गए कई सवाल लीक हुए गेस पेपर से मेल खा रहे थे। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे।
अन्य पढ़े: Entertainment- मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत पल : दीपिका सिंह
जांच एजेंसियां कर रहीं पड़ताल
पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय एजेंसियों और विभिन्न राज्यों की पुलिस द्वारा की जा रही है। कई संदिग्धों से पूछताछ के साथ डिजिटल सबूत भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार और एनटीए दोनों ही परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने का दावा कर रहे हैं।
Read More :