తెలుగు | Epaper

UP News : केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाए : सीएम योगी

digital
digital
UP News : केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाए : सीएम योगी

मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे, सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संवाद का मंत्र देते हुए कहा कि मोदी सरकार की 11 साल उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर वर्ग और संगठन को इस अभियान से जोड़ने और लाभार्थियों के अनुभव साझा करने की अपील की।

मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय : योगी

सीएम योगी ने कहा कि अमृत काल में विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। इन उपलब्धियों को प्रदेश, जनपद, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम की रूपरेखा का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने पहले भी उत्तर प्रदेश सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों को हर बूथ तक पहुंचाया था। अब केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को अखिल भारतीय स्तर पर प्रचारित करने का समय है, जिसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां शामिल होंगी।

योगी

केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित न रहें : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केवल पार्टी कार्यकर्ताओं तक सीमित न रहें, बल्कि आम जन, पेशेवर समूहों, और लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ें। उन्होंने हाल के विधानसभा उपचुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि संगठन, मोर्चा, और प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठकें प्रभावी रही हैं। बीजेपी के छह मोर्चे और 22-23 प्रकोष्ठ समाज के हर वर्ग जैसे अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक, छात्र, और लाभार्थी को समाहित करते हैं। इन समूहों के साथ गोष्ठियां आयोजित कर, उनके बीच से वक्ताओं को चुनकर योजनाओं का प्रभावी प्रचार किया जा सकता है।

10 करोड़ लोग आयुष्मान भारत योजना से लाभान्वित हो रहे हैं : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले किसी परिवार में बीमारी संकट बन जाती थी, लेकिन आज देश के 50 करोड़ और उत्तर प्रदेश के 10 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को बिना किसी भेदभाव के 5 लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शक्ति केंद्रों पर आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड वितरित करने का आह्वान किया, ताकि लाभार्थी सरकार के प्रति कृतज्ञता महसूस करें।

📢 For Advertisement Booking: 98481 12870