नई दिल्ली। वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में आयोजित वार्षिक कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई अचानक गोलीबारी ने न केवल अमेरिका बल्कि पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया है। इस सुरक्षा चूक और हिंसा की घटना पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
पीएम मोदी ने जताई चिंता, हिंसा की कड़ी निंदा
पीएम मोदी (PM Modi) ने अपने संदेश में कहा कि यह जानकर बड़ी राहत मिली है कि राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस सुरक्षा घटना के बाद पूरी तरह सकुशल हैं। प्रधानमंत्री ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और निरंतर सुरक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी जीवंत लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए और ऐसी घटनाओं की पूरी तरह से निंदा की जानी चाहिए।
वैश्विक नेताओं की प्रतिक्रिया, लोकतंत्र पर हमला बताया
भारत के साथ-साथ अन्य वैश्विक नेताओं ने भी इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी पत्नी की सुरक्षा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिंसा कभी भी किसी समस्या का समाधान या रास्ता नहीं हो सकती। वहीं, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी (PM Marq Karni) ने भी राहत की सांस लेते हुए कहा कि राजनीतिक हिंसा लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है और उनकी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस भयावह घटना से प्रभावित हुए हैं। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी और कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने भी इसे लोकतंत्र और स्वतंत्र प्रेस की बुनियाद पर हमला बताया।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई सराहनीय है, क्योंकि राजनीतिक हिंसा को किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल वॉशिंगटन पुलिस और एफबीआई (FBI) इस मामले की जांच कर रही है ताकि इस सुरक्षा चूक के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
सीक्रेट सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
बता दें कि एक प्रतिष्ठित आयोजन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और विदेश सचिव मार्को रूबियो सहित कई शीर्ष अमेरिकी नेता और गणमान्य अतिथि मौजूद थे। गनीमत यह रही कि अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी मेहमान सुरक्षित हैं। जैसे ही होटल की लॉबी में गोलियों की आवाज सुनाई दी, सुरक्षा एजेंटों ने तत्परता दिखाते हुए राष्ट्रपति, फर्स्ट लेडी और कैबिनेट के अधिकारियों को मंच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
अन्य पढ़े: भारत की खेलों की महाशक्ति बनने की राह
कार्यक्रम 30 दिनों के भीतर फिर होगा आयोजित
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने स्वयं के और अन्य साथियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की और घोषणा की कि यह कार्यक्रम अगले 30 दिनों के भीतर पुनः आयोजित किया जाएगा।
Read More :