आरोपियों का पहले से है अपराध से नाता
हैदराबाद। कीसरा पुलिस (Kisra Police) ने आभूषण दुकान में दिनदहाड़े हुई लूट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला कीसरा थाने में दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की। डीसीपी मलकाजगिरी च. श्रीधर ने बताया कि यह वारदात बीते 2 जनवरी को शाम करीब 5:15 बजे की है। आरोपी ग्राहक बनकर नागाराम स्थित बालाजी ज्वेलरी शॉप (Jewelry shop) में दाखिल हुए। इसके बाद दुकानदार को कुल्हाड़ी और नकली पिस्तौल के साथ आंतिकत करने लगे। आरोपियों ने दुकानदार संदीप गहलोत पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें सिर में चोट पहुंचाई और आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। हालांकि, संदीप ने साहस दिखाते हुए लूटे गए आभूषणों का बैग वापस छीन लिया। इसके बावजूद आरोपी पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
आभूषण दुकानों की पहले से की रेकी
पुलिस ने इस घटना के आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त कर लिया। डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में नजीम अजीज कोटाडिया (39), व्यवसायी, कोम्पल्ली, मेडचल ( मूल निवासी मीरा रोड, मुंबई), विश्वकर्मा एकेंदर सिंह (24), मजदूर, रामकोटी, हैदराबाद, मोहम्मद सैफ अली उर्फ अदनान (23), एसी मैकेनिक, किंग कोठी, हैदराबाद, राजेंद्र सिंह उर्फ राज सिंह (19), रेटी बोवली, मेहदीपट्टनम (मूल निवासी नेपाल), रतन सिंह बहादुर उर्फ रतन (23), निवासी संतोष नगर कॉलोनी, मेहदीपट्टनम, हैदराबाद शामिल है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने शहर के बाहरी इलाकों और फरार होने के आसान मार्गों के पास स्थित आभूषण दुकानों की पहले से रेकी की। योजना के तहत 2 जनवरी की शाम वारदात को अंजाम दिया गया।

चोरी की मोटरसाइकिल का किया गया इस्तेमाल
अपराध में चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया। नजीम, एकेंदर सिंह, मोहम्मद सैफ आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पूर्व में कई संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज हैं। रतन सिंह बहादुर उर्फ रतन गुडीमलकापुर थाने का घोषित रोडी शीटर है। नजीम के खिलाफ पूर्व में पीडी एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। पकड़े गए आरोपियों के पास से मारुति बलेनो कार , बजाज पल्सर मोटरसाइकिल , एक नकली पिस्तौल बरामद हुआ है। पुलिस टीम को यह सफलता डीसीपी मालकाजगिरी च. श्रीधर एवं डीसीपी एसओटी रमण रेड्डी के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त डीसीपी एन. नरसिंहा रेड्डी, एसीपी वेंकट रेड्डी, एसीपी अंजय्या, कीसरा थाना प्रभारी अंजनैयुलु सहित एसओटी, क्लूज़ टीम और अन्य अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से हासिल हुई।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :