Weather- दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत

Read Time:  1 min
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली-एनसीआर
FONT SIZE
GET APP

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली (New Delhi) और पूरे दिल्ली-एनसीआर (Delhi-Ncr) क्षेत्र में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। हल्की बूंदाबांदी और बादलों की मौजूदगी ने लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत दिलाई। पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजधानी में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रविवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। रविवार को राजधानी में आसमान में हल्के बादल छाए रहे और बीच-बीच में हवाएं भी चलती रहीं। न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक रहा, हालांकि यह एक दिन पहले के मुकाबले करीब 2.3 डिग्री कम था।

तापमान में उतार-चढ़ाव

दिल्ली के पालम और लोधी रोड मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में थोड़ा कम है। वहीं अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार दिन के अलग-अलग समय में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज और बिजली चमकने की भी संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और हरियाणा से सटे मध्य पाकिस्तान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण विकसित हुआ है। इसके चलते **पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 15 से 18 मार्च के बीच भी हल्की वर्षा की संभावना बनी रहेगी और अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। सोमवार तक न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

अन्य पढ़े: National- वीजा नियमों में ढील, तय समय से ज्यादा रुकने पर नहीं लगेगा जुर्माना

एनसीआर के शहरों में भी राहत

दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के कई शहरों में भी मौसम में बदलाव देखा गया। ग्रेटर नोएडा में रविवार सुबह गरज के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। वहीं गुरुग्राम में रात के समय हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। फरीदाबाद और हापुड़ समेत एनसीआर के कई अन्य शहरों में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश के कारण सड़कों पर नमी नजर आई और तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिली। इसके साथ ही कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी मामूली सुधार दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और बादलों के बने रहने की संभावना जताई जा रही है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।