हैदराबाद। मेहदीपट्टनम पुलिस (Police) ने अंतरराज्यीय एटीएम ध्यान भटकाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 हजार रुपए नकद, विभिन्न बैंकों (Various Banks) के 89 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन तथा एक ऑटो रिक्शा बरामद किया है।
मेहदीपट्टनम थाना क्षेत्र में पकड़े गए आरोपी
पुलिस के अनुसार 3 जनवरी को सुबह करीब 9 बजे मेहदीपट्टनम थाना अपराध स्टाफ ने विजय नगर कॉलोनी स्थित मारुति विलास के पास एक एटीएम के नजदीक एटीएम ठगी के आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों के खिलाफ थाना मेहदीपट्टनम में अपराध संख्या 365/2025, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 303(2) सहपठित 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के निवासी शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आमिर सुहेल उर्फ अमीर सोहेल उर्फ सोहेल (24), निवासी पलवल, हरियाणा , मुबारिक (26), निवासी पलवल, हरियाणा , मुस्तकीम (25), निवासी पलवल, हरियाणा, मोहम्मद आमेर (33), ऑटो चालक, निवासी हैदराबाद शामिल है। 31 दिसंबर 2025 को आसिफ नगर निवासी इलेक्ट्रीशियन अलकुंटा वेंकटेश (38) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 दिसंबर को मल्लेपल्ली एक्स रोड स्थित एसबीआई एटीएम में उन्होंने अपनी मां के खाते का बैलेंस चेक कराने के लिए दो अज्ञात व्यक्तियों से मदद ली थी। आरोपियों ने एटीएम कार्ड लेकर पिन नंबर जान लिया और कार्ड बदल दिया। बाद में खाते से 40 हजार की अवैध निकासी का संदेश प्राप्त हुआ।
ठगी का यह तरीका अपनाते थे आरोपी
आरोपी एटीएम में आने वाले अशिक्षित और बुजुर्ग लोगों को मदद का झांसा देकर उनका ध्यान भटकाते हैं, पिन नंबर हासिल कर लेते हैं और एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम निकाल लेते हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना एटीएम कार्ड न दें और पिन नंबर, बैलेंस या निकासी संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यह कार्रवाई दक्षिण-पश्चिम जोन के डीसीपी श्री जी. चंद्र मोहन, अतिरिक्त डीसीपी कृष्णा गौड़, एसीपी बी. किशन कुमार तथा मेहदीपट्टनम थाना प्रभारी एवं अपराध स्टाफ के नेतृत्व में की गई। सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत किया गया है।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :