Telangana : स्वास्थ्य मंत्री ने टीआईएमएस को अत्याधुनिक स्वास्थ्य केंद्र में बदलने के दिए निर्देश

Read Time:  1 min
टीआईएमएस
टीआईएमएस
FONT SIZE
GET APP

हैदराबाद। तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा (Damodar Raja Narasimha) ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि टीआईएमएस सनतनगर को पूर्ण रूप से सुसज्जित स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि यहां मरीजों को व्यापक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सोमवार को मंत्री ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर टीआईएमएस सनतनगर में चल रही चिकित्सा सेवाओं की ट्रायल रन (Trial Run) व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने ट्रायल रन के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, सामने आ रही चुनौतियों और कमियों की जानकारी दी। मंत्री ने ओपी पंजीकरण काउंटर, परामर्श कक्ष, प्रतीक्षा कक्ष, डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी विभाग, वार्ड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

चिकित्सा सेवाओं की ट्रायल रन व्यवस्था की समीक्षा की

अधिकारियों ने बताया कि ट्रायल रन के तहत वर्तमान में 22 विभागों में ओपी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। ऑपरेशन थिएटर सर्जरी के लिए तैयार हैं तथा सीटी स्कैन, एमआरआई और डिजिटल एक्स-रे जैसी अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना पूरी कर ली गई है। अधिकारियों ने बताया कि डायग्नोस्टिक उपकरणों की स्थापना पूरी हो चुकी है और ट्रायल चरण के तहत जांचें भी शुरू कर दी गई हैं। मंत्री ने इससे पहले टीआईएमएस सनतनगर को कार्डियक केयर और अंग प्रत्यारोपण के उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में उन्होंने सभी प्रकार की हृदय सर्जरी और अंग प्रत्यारोपण प्रक्रियाओं के लिए कैथ लैब और विशेष ऑपरेशन थिएटर की स्थापना की प्रगति की समीक्षा की।

कैथ लैब की स्थापना का कार्य पूरा

अधिकारियों ने बताया कि कैथ लैब की स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है और ट्रायल रन के लिए तैयार है। दामोदर राजा नरसिम्हा ने यह भी निर्देश दिया कि चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ स्वच्छता और सुरक्षा जैसी गैर-चिकित्सीय सेवाओं को भी मजबूत किया जाए। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था तथा तीमारदारों के लिए धर्मशाला स्थापित करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विशेष मुख्य सचिव क्रिस्टीना जेड. चोंगथु, संयुक्त सचिव आयशा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आयुक्त डॉ. संगीता सत्यानारायण, टीजीएमआईडीसी के प्रबंध निदेशक गौरव उप्पल, चिकित्सा शिक्षा निदेशक नरेंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

Ajay Kumar Shukla

लेखक परिचय

Ajay Kumar Shukla

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।