हैदराबाद। पीआरएसआई हैदराबाद चैप्टर द्वारा राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस (National Public Relations Day) उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस वर्ष का विषय “पब्लिक रिलेशंस – लोकतंत्र का पाँचवां स्तंभ” रखा गया। कार्यक्रम का आयोजन सोमाजीगुड़ा स्थित प्रेस क्लब में किया गया, जिसमें जनसंपर्क, मीडिया और शिक्षा जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि टी रजनी, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, तेलंगाना उच्च न्यायालय रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र में जिम्मेदार और नैतिक संवाद संस्थाओं और नागरिकों के बीच सेतु का काम करता है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही (Accountability) को मजबूत करने में जनसंपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इसे लोकतंत्र का पाँचवां स्तंभ कहा जाना उचित है।
न्यायपालिका की होती हैं अपनी सीमाएं
उन्होंने यह भी कहा कि न्यायपालिका की अपनी सीमाएं होती हैं और न्यायाधीश संवैधानिक भावना और अंतरात्मा के आधार पर निर्णय लेते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त, हैदराबाद तथा सी वानजा, वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार एवं मीडिया शिक्षिका उपस्थित रहीं। संजय कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था और संकट की स्थितियों में समय पर, तथ्यात्मक और संवेदनशील संवाद से जनता का विश्वास कायम रहता है। वहीं, सी वानजा ने कहा कि सूचना के इस दौर में जनसंपर्क और पत्रकारिता से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है कि वे सत्यापन कर सही जानकारी जनता तक पहुंचाएं और फेक न्यूज का मुकाबला करें।
नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध पीआरएसआई
इस अवसर पर वाई बाबजी, संपादक ने कहा कि पीआरएसआई पेशेवर मानकों और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जनसंपर्क को केवल करियर नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी के रूप में देखें। यू एस शर्मा, पीआरएसआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (दक्षिण) ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर देशभर के सभी चैप्टर इस विषय पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने हैदराबाद चैप्टर की पहल की सराहना की।
संवाद को मजबूत करने का काम कर रहा मंच
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. यदागिरी कंभमपाटी, चेयरमैन, पीआरएसआई हैदराबाद चैप्टर के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि यह मंच जनसंपर्क पेशेवरों, मीडिया, शिक्षाविदों और सरकार के बीच संवाद को मजबूत करने का काम कर रहा है। अंत में राजेश कल्याणा, चैप्टर सचिव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि पीआरएसआई की स्थापना वर्ष 1958 में हुई थी और यह देश में जनसंपर्क पेशेवरों की शीर्ष संस्था है, जो हर वर्ष 21 अप्रैल को राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के रूप में मनाती है।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :