एलसीए तेजस के लिए किसी निजी भारतीय कंपनी द्वारा सौंपी गई प्रमुख सब-असेंबली
नई दिल्ली। हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस एमके1ए के लिए पहली सेंटर फ्यूज़लेज असेंबली शुक्रवार को हैदराबाद में मेसर्स वीईएम टेक्नोलॉजीज द्वारा हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को सौंप दी गई। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह पहली बार है जब एलसीए तेजस के लिए प्रमुख सब-असेंबली किसी निजी भारतीय कंपनी द्वारा सौंपी गई है। रक्षा मंत्रालय का मानना है कि यह भारत की स्वदेशी रक्षा विनिर्माण क्षमताओं को महत्वपूर्ण बढ़ावा देगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एलसीए तेजस डिवीजन को पहले ही एमके1ए विन्यास में एयर इनटेक असेंबली, रियर फ्यूज़लेज असेंबली, लूम असेंबली, तथा फिन और रडर असेंबली के संरचनात्मक मॉड्यूल प्राप्त हो चुके हैं।
एचएएल और वीईएम टेक्नोलॉजीज के बीच साझेदारी की सराहना
एचएएल इस आउटसोर्सिंग मॉडल को भविष्य की परियोजनाओं तक विस्तारित करने की योजना बना रहा है, ताकि भारतीय उद्योग की विशेषज्ञता के साथ इसकी आंतरिक क्षमता को मजबूत किया जा सके। एचएएल द्वारा एलसीए तेजस एमके 1ए के लिए प्रथम सेंटर फ्यूज़लेज असेंबली प्राप्त करने के अवसर पर सचिव (रक्षा उत्पादन) संजीव कुमार ने एलसीए एमके 1ए के उत्पादन में तेजी लाने में एचएएल और वीईएम टेक्नोलॉजीज के बीच साझेदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादन के साथ-साथ रक्षा निर्यात में भी प्रतिवर्ष लगभग 10 प्रतिशत की दर से उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
एलसीए तेजस के लिए प्रमुख सब-असेंबली का किया जाएगा कार्य
उन्होंने कहा, ‘यह उद्योगों और एचएएल जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों के समर्थन के बिना संभव नहीं होता। देश की सुरक्षा और संप्रभुता सर्वोपरि है और इसे स्वयं के विनिर्माण और स्पेयर पार्ट्स की आपूर्ति के बिना हासिल नहीं किया जा सकता, जो सशस्त्र बलों की आवश्यकताओं को पूरा कर सकता है।’ शुक्रवार को यह कार्यभार सचिव (रक्षा उत्पादन) संजीव कुमार और एचएएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डी.के. सुनील की उपस्थिति में सौंपा गया। इस आयोजन में पहली बार किसी निजी भारतीय कंपनी द्वारा एलसीए तेजस के लिए प्रमुख सब-असेंबली का कार्य किया जाएगा। एचएएल के सीएमडी ने एलसीए तेजस के उत्पादन में टियर-1 और एमएसएमई आपूर्तिकर्ताओं की तीव्र वृद्धि को स्वीकार किया।
भारतीय वायु सेना को समय पर डिलीवरी
उन्होंने कहा कि यह हस्तांतरण एचएएल-बेंगलुरु में दो मौजूदा लाइनों और एचएएल-नासिक में एक लाइन के अलावा एलसीए एमके1ए के लिए चौथी उत्पादन लाइन स्थापित करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रमुख उप-असेंबली के साथ, एचएएल एलसीए विमान का उत्पादन बढ़ाएगा और भारतीय वायु सेना को समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करेगा। एचएएल ने निजी साझेदारों को निकट सहयोग देकर तथा जिग्स, फिक्सचर्स, टूल्स और तकनीकी जानकारी जैसे महत्वपूर्ण इनपुट प्रदान करके राष्ट्रीय एयरोस्पेस पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण किया है।
- Weather-देश के 16 राज्यों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, अगले 72 घंटे बेहद संकटकारी
- West Bengal- हार के बाद भाजपा के खिलाफ साझा मोर्चा बनाने में जुटीं ममता बनर्जी
- Assam – असम में दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंता बिस्वा सरमा, 12 मई को शपथ ग्रहण समारोह, तैयारी तेज
- Telangana : बीज नियंत्रण में राज्यों को अधिक अधिकार दिए जाएं – तुम्मला
- CM : बढ़ती शहरी जनसंख्या के अनुरूप बुनियादी ढांचे का विकास आवश्यक – रेवंत रेड्डी