Transportation : भारत फ्यूचर सिटी बनेगा हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का केंद्र

Read Time:  1 min
रेल कॉरिडोर
रेल कॉरिडोर
FONT SIZE
GET APP

हैदराबाद। राज्य के भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तेलंगाना सरकार हैदराबाद को हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इस संबंध में सोमवार को सचिवालय में सड़क, भवन एवं सिनेमा मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी (Komatireddy Venkat Reddy) ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की सोच के अनुरूप भविष्य की पीढ़ियों के लिए मजबूत और आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद दक्षिण भारत ( South India) के राज्यों के लिए केंद्र बिंदु है और निवेश के लिए सबसे उपयुक्त स्थान बनता जा रहा है। इसी के मद्देनजर राज्य में परिवहन ढांचे का तेजी से विकास किया जा रहा है।

हैदराबाद से मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु को जोड़ने वाले हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर विशेष ध्यान

मंत्री ने बताया कि हैदराबाद से मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु को जोड़ने वाले हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हैदराबाद–पुणे–मुंबई कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पहले ही पूरी हो चुकी है, जबकि चेन्नई (अमरावती मार्ग से) और बेंगलुरु कॉरिडोर पर सर्वे कार्य जारी है। हैदराबाद–मुंबई कॉरिडोर की कुल लंबाई 761 किलोमीटर होगी, जिसमें 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें 10 ऊंचे (एलिवेटेड) और 2 भूमिगत स्टेशन होंगे। विकाराबाद के पास 4.6 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाने का भी प्रस्ताव है। परियोजना पूरी होने पर बिना रुके यात्रा लगभग 2 घंटे 55 मिनट में पूरी की जा सकेगी, जबकि सभी स्टेशनों पर ठहराव के साथ लगभग 3 घंटे 21 मिनट का समय लगेगा।

इस दौरान ट्रेन की गति 330 किलोमीटर प्रति घंटा तक होगी। बैठक में भारत फ्यूचर सिटी–अमरावती–चेन्नई कॉरिडोर और भारत फ्यूचर सिटी–बेंगलुरु कॉरिडोर पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन परियोजनाओं में संबंधित राज्यों के साथ समन्वय किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि ये कॉरिडोर राज्य की आर्थिक प्रगति के प्रमुख मार्ग साबित होंगे और 3 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेंगे।

इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

मंत्री ने केंद्र और राज्य के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इन परियोजनाओं के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। बैठक में राष्ट्रीय हाई स्पीड रेल निगम लिमिटेड, महानगर विकास प्राधिकरण और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर मंत्री ने राज्य में चल रही सड़कों, पुलों, रेल ओवरब्रिज, उच्च न्यायालय भवन और टिम्स अस्पतालों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी की जाएं। मंत्री ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस 2 जून को सनतनगर स्थित टिम्स अस्पताल का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गरीबों को उच्च स्तर की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

Ajay Kumar Shukla

लेखक परिचय

Ajay Kumar Shukla

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।