नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को भी दृश्यता कम रहने के कारण हवाई और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। दिल्ली आने-जाने वाली कई उड़ानें और 45 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
45 से ज्यादा ट्रेनें देरी से, राजधानी सेवाएं भी प्रभावित
कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली भुवनेश्वर राजधानी (Bhuneshwar Rajadhani) और रांची राजधानी सहित 45 से अधिक ट्रेनें दो घंटे से ज्यादा विलंब से चल रही हैं। कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव करना पड़ा है।
इन प्रमुख ट्रेनों में हुई देरी
रेलवे के मुताबिक, नई दिल्ली-दरभंगा हमसफर स्पेशल करीब 6.30 घंटे, नई दिल्ली-सोगरिया (कोटा) सुपरफास्ट एक्सप्रेस 2 घंटे और नई दिल्ली-लखनऊ गोमती एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से रवाना होगी। शाम तक कुछ और ट्रेनों के समय में बदलाव की संभावना जताई गई है।
लोकल ट्रेनें भी लेट, दफ्तर जाने वालों को परेशानी
लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ-साथ कई लोकल ट्रेनें (Local Train) भी देरी से चल रही हैं। इसका असर सुबह अपने कार्यस्थल पर जाने वाले यात्रियों पर पड़ा है, जिन्हें स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
फ्लाइट सेवाओं पर भी कोहरे का असर
रेल सेवाओं के साथ ही इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Indira Gandhi International Airport) पर भी कोहरे का असर देखने को मिला। कई फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं, जबकि कुछ उड़ानों के आगमन समय में भी बदलाव हुआ।
रेलवे ने किए इंतजाम, कंट्रोल रूम से निगरानी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वंदे भारत ट्रेनों के लिए अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की गई है, ताकि इन्हें तय समय पर चलाया जा सके। इसके अलावा एक विशेष कंट्रोल रूम बनाकर लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Read More :