इस्लामाबाद । पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) के छोटे बेटे कासिम खान ने सोशल मीडिया (Social Media) पर एक लंबा पोस्ट लिखकर सनसनी फैला दी। कासिम ने सरकार पर अपने पिता को पूरी तरह गायब कर देने और परिवार को यह जानने तक से रोकने का गंभीर आरोप लगाया कि वह जीवित भी हैं या नहीं। उन्होंने लिखा कि इमरान खान को पिछले 845 दिनों से कैद में रखा गया है और पिछले छह हफ्तों से उन्हें अंधेरी कोठरी में पूर्ण एकांतवास (सॉलिटरी कन्फाइनमेंट) में रखा गया है।
परिवार की मुलाकात पर प्रतिबंध
कासिम ने कहा कि एक महीने से ज्यादा समय से परिवार की मुलाकात पर अघोषित बैन है। अदालत के आदेशों के बावजूद उनकी बहनों को हर बार जेल गेट से लौटा दिया जाता है। उन्होंने यह पूर्ण सूचना ब्लैकआउट जानबूझकर किया गया कदम बताया।
जिंदा होने का प्रमाण और वैश्विक हस्तक्षेप की मांग
कासिम ने पाकिस्तानी सरकार और “उसके हैंडलर्स (Handlers) को चेतावनी दी कि इमरान खान की सुरक्षा और इस अमानवीय एकांतवास के हर परिणाम के लिए वे जवाबदेह होंगे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, एमनेस्टी इंटरनेशनल, ह्यूमन राइट्स वॉच और अन्य मानवाधिकार संगठनों से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की।
पार्टी और जेल प्रशासन की प्रतिक्रिया
इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने कासिम के बयान को आगे बढ़ाया और परिवार को फौरन मुलाकात की अनुमति देने की मांग की। दूसरी तरफ सरकार और अडियाला जेल प्रशासन ने आरोपों को खारिज किया। जेल अधिकारियों ने कहा कि इमरान खान पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें पूरा मेडिकल ध्यान दिया जा रहा है। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया कि इमरान खान को फाइव-स्टार होटल जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
धरना और मुलाकात की व्यवस्था
बावजूद इसके, बुधवार को इमरान खान की तीनों बहनें और दर्जनों पीटीआई कार्यकर्ता अडियाला जेल के बाहर धरने पर बैठ गए। काफी देर तक हंगामा हुआ। अंततः जेल अधिकारियों ने अलीमा खान को आश्वासन दिया कि मुलाकात की व्यवस्था कर दी जाएगी, जिसके बाद धरना खत्म हुआ।
इमरान खान को जेल क्यों हुई थी?
9 मई 2023 को, पूर्व प्रधानमंत्री और राजनेता इमरान खान को अल-कादिर ट्रस्ट के संबंध में भ्रष्टाचार के आरोपों पर राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) द्वारा इस्लामाबाद में इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के अंदर से गिरफ्तार किया गया था, जिसके मालिक वह अपनी पत्नी बुशरा बीबी के साथ हैं।
इमरान खान के कितने बच्चे हैं?
इमरान खान के दो बेटे हैं, सुलेमान और कासिम खान, जो उनकी पहली पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ से हैं। उनके दोनों बेटे ब्रिटिश नागरिक हैं और लंदन में रहते हैं।
Read More :