Latest Hindi News : ट्रेन में चढ़कर यात्रियों पर चाकू से हमला, अफरातफरी के बीच रेलसेवा रोकी

Read Time:  1 min
ट्रेन
ट्रेन
FONT SIZE
GET APP

लंदन। पूर्वी इंग्लैंड के कैंब्रिजशायर में हंटिंगडन (Huntingdon in Cambridgeshire) इलाके की एक ट्रेन में अचानक चाकूबाजी से अफरा-तफरी मच गई। शाम करीब 7 बजे कुछ बदमाश ट्रेन में चढ़े और बिना किसी उकसावे के यात्रियों पर चाकू से हमला करने लगे। ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट (British Transport) पुलिस ने पुष्टि की कि घटना हंटिंगडन स्टेशन के पास हुई।

रेल सेवा अनिश्चितकाल के लिए बंद, सेना तैनात

कैंब्रिजशायर पुलिस के अनुसार बड़ी संख्या में घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन कई को गंभीर चोटें आईं। खतरे को देखते हुए पूरे इलाके की रेल सेवा अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दी गई। हंटिंगडन स्टेशन पर सुरक्षा के लिए सेना तैनात की गई है।

दो संदिग्ध गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। हमलावरों का मकसद अभी अज्ञात है। यात्रियों के बयानों के मुताबिक जैसे ही चाकूबाजी शुरू हुई, ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। लोग खून से लथपथ दरवाजों की ओर भागे। कई गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया। ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस रूट पर यात्रा टालें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।

ब्रिटिश सरकार की प्रतिक्रिया

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर (Prime Minister Keir Starmer) ने घटना को भयावह बताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “मैं सभी पीड़ितों के साथ हूं। प्रशासन त्वरित कार्रवाई कर रहा है।”
गृह सचिव शबाना महमूद ने कहा कि दोनों संदिग्ध हिरासत में हैं। जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।

सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटा रही पुलिस

विपक्ष के शैडो गृह सचिव क्रिस फिल्प ने सरकार पर दबाव डाला कि पुलिस को तत्काल विस्तृत अपडेट देना चाहिए। मीडिया रिपोर्ट्स में यात्रियों ने बताया कि हमलावर बिना कुछ बोले चाकू घोंपते रहे, जिससे दहशत फैल गई। जांच में जुटी पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान जुटा रही है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।