मुख्य बातें: –
- भारत मंडपम में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर भव्य कार्यक्रम आयोजित
- डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के फोन पर लाइव कॉल किया
- भारत-अमेरिका संबंधों को अब तक का सबसे मजबूत बताया
नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान भारत और अमेरिका (India and America) के बीच मजबूत होते रिश्तों की एक बेहद खास और अनूठी झलक देखने को मिली। अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष समारोह में उस समय सब हैरान रह गए, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने वहां मौजूद अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के मोबाइल पर सीधे फोन मिलाया। राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप की बातें वहां उपस्थित सभी लोगों को सुनाने के लिए अपने फोन को मुख्य माइक्रोफोन के पास रख दिया।
लाइव फोन कॉल में ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ
लाइव फोन कॉल पर बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने खुले मंच से भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी गहरी आत्मीयता प्रकट की। ट्रंप ने कहा, “मैं कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को नमस्कार कहना चाहता हूँ। मुझे भारत के प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं। नरेंद्र मोदी एक महान नेता हैं और वह मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। मैं पीएम मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ।”
उन्होंने आगे वैश्विक मंच पर दोनों देशों की बढ़ती नजदीकियों को रेखांकित करते हुए कहा कि आज से पहले भारत और अमेरिका कभी एक-दूसरे के इतने करीब नहीं रहे हैं। ट्रंप ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि भारत के लोग अमेरिका पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई दिग्गज नेता
इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं। ट्रंप ने अपने संबोधन में मार्को रूबियो की जमकर तारीफ की और उन्हें अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री बताया। फोन कॉल समाप्त करने से पहले ट्रंप ने राजदूत से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को उनका विशेष नमस्कार जरूर पहुंचाया जाए और यह भी बताया जाए कि वे उनके कितने बड़े प्रशंसक हैं।
भारत-अमेरिका संबंधों को नई मजबूती देने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत को अमेरिका का एक बेहद महत्वपूर्ण और रणनीतिक साझेदार बताया। वहीं, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा से निकले लोकतांत्रिक और स्वतंत्रता के विचार भारत जैसे बहुलतावादी समाज में स्वाभाविक रूप से दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है और यह भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाई देने का सबसे उपयुक्त समय है।
Read Also : EDCIL Vacancy 2026: 879 पदों पर भर्ती, बिना फीस के करें आवेदन; 4 जून आखिरी तारीख
ए.आर. रहमान की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
समारोह का मुख्य आकर्षण मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान की शानदार संगीत प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘मां तुझे सलाम’ और ‘दिल से’ जैसे लोकप्रिय गीतों से माहौल को देशभक्ति और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का जन्मदिन भी मनाया गया, जिसने समारोह को और खास बना दिया।
Read More :