लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला है। ओम प्रकाश राजभर (OM Prakash Rajbhar) की पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को उस समय झटका लगा जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम चंद्र कश्यप ने इस्तीफा देकर वीआईपी पार्टी का दामन थाम लिया।
कश्यप के इस्तीफे से सुभासपा को झटका
प्रेम चंद्र कश्यप अब मुकेश सहनी (Mukesh Sahni) की अगुवाई वाली विकासशील इंसान पार्टी (VIP) में शामिल हो गए हैं। उनके इस फैसले को उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब विभिन्न दल अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने में लगे हैं।
वीआईपी में बढ़ा कुनबा, निषाद भी हुए शामिल
इसी कार्यक्रम के दौरान एक और बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब पूर्व मंत्री अच्छे लाल निषाद ने भी वीआईपी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वे पहले जन अधिकार पार्टी से जुड़े थे। उनके आने से पार्टी को सामाजिक आधार मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजभर की राजनीति पर असर संभव
ओम प्रकाश राजभर उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछड़े वर्ग, विशेषकर राजभर समाज के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। वे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वर्तमान में योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
बदलते समीकरणों पर नजर
राजभर ने अपने राजनीतिक करियर में कई बार अलग-अलग दलों के साथ गठबंधन किया है और राज्य की जातीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ रही है। ऐसे में उनके करीबी नेताओं का पार्टी छोड़कर जाना संगठन के लिए रणनीतिक झटका माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां राजभर और निषाद समुदाय का प्रभाव अधिक है।
Read Also : Delhi- एसी ब्लास्ट से लगी आग, विवेक विहार की बिल्डिंग में 9 की मौत
यूपी में पैर पसारने की तैयारी में वीआईपी
वीआईपी पार्टी के विस्तार के साथ मुकेश सहनी अब उत्तर प्रदेश में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में हैं, जिससे क्षेत्रीय राजनीति में नई प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
Read More :