बिहार के रोहतास जिले में एक विवाह समारोह (Marriage ceremony) के दौरान जयमाला के समय हर्ष फायरिंग में दुल्हन के फुफेरे भाई की मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान और पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने बताया कि घटना शिवसागर (Shivsagar) थाना क्षेत्र के थनुआ गांव में रविवार की रात लगभग एक बजे हुई। मृतक की पहचान नंदन कुमार सिंह (45) के रूप में हुई, जो बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिहुल्लर गांव का निवासी था।पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नंदन पेशे से शिक्षक थे और बक्सर जिले में पदस्थापित थे।
ममेरी बहन की शादी में शामिल होने आए थे नंदन कुमार
पुलिस के अनुसार, नंदन अपनी ममेरी बहन की शादी में शामिल होने थनुआ गांव आए थे। घटना में मृतक का छोटा भाई चंदन कुमार सिंह मुख्य साक्षी है, जिनके बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने रोहित कुमार, प्रभात कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त हथियार और बाइक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अन्य तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच जारी
रोहतास के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रौशन कुमार (SP Roshan Kumar) ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में और कौन-कौन शामिल था।
Read More :