पटना । बिहार में विधानसभा चुनाव (Assembly Election) का प्रचार आज शाम 6 बजे थम जाएगा। यहां 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों के लिए मतदान होना है। इस दूसरे चरण के चुनाव में 1302 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 1165 पुरुष, 136 महिला और 1 थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं।
उम्मीदवारों ने झोंकी पूरी ताकत
चुनाव प्रचार (Election Publicity) के अंतिम 24 घंटे में मतदाताओं को गोलबंद करने को लेकर उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताक झोंक दी है। इस चरण में हरेक बूथ पर औसतन 815 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
बड़े नेताओं ने की ताबड़तोड़ सभाएँ
शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, इंडिया गठबंधन के बिहार संयोजक तेजस्वी प्रसाद यादव, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान सहित तमाम बड़े नेताओं ने एनडीए और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में सभाएं कीं और अपने-अपने पक्ष के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान
इस चरण में 20 जिलों के 122 विधानसभा क्षेत्रों में 11 नवंबर को मतदान होगा। इनमें 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटें शामिल हैं।
सबसे अधिक और कम प्रत्याशियों वाले क्षेत्र
दूसरे चरण में सर्वाधिक 22-22 उम्मीदवारों वाले तीन विधानसभा क्षेत्र हैं — कैमूर का चैनपुर, रोहतास का सासाराम, और गया का गया शहर विधानसभा क्षेत्र। वहीं, सबसे कम प्रत्याशी (5-5) वाले छह विधानसभा क्षेत्र हैं — लौरिया, चनपटिया (प. चंपारण), रक्सौल, सुगौली (पू. चंपारण), त्रिवेणीगंज (सुपौल) और बनमनखी (पूर्णिया)।
45,399 बूथों पर होगा मतदान
दूसरे चरण में बिहार के 20 जिलों में 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 5326 शहरी और 40,073 ग्रामीण बूथ शामिल हैं। इनमें से 45,388 सामान्य बूथ और 11 सहायक बूथ हैं।
महिलाओं और दिव्यांगों द्वारा संचालित बूथ
इस चरण में महिलाओं की ओर से संचालित 595, दिव्यांगजनों द्वारा संचालित 91 और मॉडल मतदान केंद्र 316 बनाए गए हैं। साथ ही सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
कुल 3.70 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
इस चरण में कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें
- 1,95,44,041 पुरुष,
- 1,74,68,572 महिलाएं, और
- 943 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
सबसे छोटा और सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र
मतदाताओं की संख्या के अनुसार सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र मखदुमपुर है, जहां 2,47,574 मतदाता वोट डालेंगे। वहीं सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र हिसुआ है, जहां 3,67,667 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण के सभी 122 विधानसभा क्षेत्रों में दो लाख से अधिक मतदाता हैं।
Read More :