मथुरा। (Yamuna Expressway) पर रविवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब नोएडा से बिहार जा रही एक स्लीपर कोच बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 70 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
बस पलटते ही यात्री सीटों और स्लीपर बर्थ (Sleeper Birth) के बीच फंस गए, जबकि कई लोगों के ऊपर सामान गिर गया। बच्चों और महिलाओं की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर बचाई जानें
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद यूपी डायल 112 और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। करीब 40 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घायलों को एंबुलेंस की मदद से नौहझील और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
शराब पीकर बस चलाने का आरोप
कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक बोतल में शराब भरकर पी रहा था, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठा और बस पलट गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए हैं। हादसे के कारण एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटाकर करीब एक घंटे बाद यातायात को सुचारू कराया।
Read Also : बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस–पिकअप की टक्कर में 13 की मौत, 32 जख्मी
पुलिस जांच में जुटी
नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार के अनुसार, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह लग रही है। फरार चालक और परिचालक की तलाश जारी है, जिनकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।
Read More :