अहमदाबाद। देश में आतंकी साजिश रचने वाले नेटवर्क (Network) पर नकेल कसते हुए गुजरात एटीएस ने एक और संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जिसके पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से सीधा संबंध होने की पुष्टि हुई है। पंजाब पुलिस काफी समय से इस व्यक्ति की तलाश में थी, जिसे अब गुजरात एटीएस ने पंचमहल जिले के हलोल क्षेत्र से दबोच लिया।
पाकिस्तान से हथियार पहुंचाने का आरोप
एटीएस के अनुसार संदिग्ध पर आरोप है कि वह पाकिस्तान (Pakistan) में सक्रिय आतंकी समूहों के संपर्क में था और भारत में अलग-अलग मॉड्यूल को हथियार उपलब्ध करवाने का काम करता था। इन हथियारों का इस्तेमाल देश में बड़े हमले की तैयारी में किया जाना था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उजागर
गुजरात एटीएस द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि पकड़े गए संदिग्ध की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी बिल्ला के रूप में हुई है। पंजाब पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एटीएस ने उसे हलोल से हिरासत में लिया।
पंजाब पुलिस को सौंपा जाएगा आरोपी
गुजरात एटीएस ने अपने बयान में कहा कि गुरप्रीत सिंह (Gurpreet Singh) को जल्द ही पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। पंजाब के गुरदारपुर इलाके में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। एटीएस के अनुसार वह पाकिस्तान से भारी मात्रा में हथियार, डिटोनेटिंग ग्रेनेड और अन्य विस्फोटक सामग्री भारत में मंगवाता था और इन्हें आतंकी गतिविधियों में शामिल संदिग्धों तक पहुंचाता था।
बड़ी साजिश का हिस्सा माना जा रहा संदिग्ध
अधिकारियों का मानना है कि गुरप्रीत सिंह कई मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है और उससे पूछताछ के बाद पाकिस्तान आधारित नेटवर्क की और परतें खुल सकती हैं। मामला गंभीर होने के चलते जांच तेज कर दी गई है।
Read More :