चंडीगढ़। पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में जबरदस्त हलचल मच गई है। गुरुग्राम की सत्र अदालत ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) मामले में गिरफ्तार अरोड़ा को सात दिनों की प्रवर्तन निदेशालय (ED) रिमांड पर भेज दिया है। ईडी ने शनिवार सुबह बड़े ऑपरेशन (Operation) के तहत उनके आवास समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। देर रात उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां एजेंसी ने 10 दिन की हिरासत की मांग की, लेकिन कोर्ट ने सात दिन की रिमांड मंजूर की।
157 करोड़ की वित्तीय अनियमितताओं का आरोप
ईडी के मुताबिक संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनियों में करीब 157.12 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन और वित्तीय गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि शेल कंपनियों के जरिए फर्जी बिक्री और फर्जी निर्यात दिखाकर धन की राउंड-ट्रिपिंग की गई। सूत्रों के अनुसार, फेमा नियमों के उल्लंघन के शक में कई बैंक खाते, डीमैट अकाउंट और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज किया गया है। ईडी अब पैसों के ट्रांजैक्शन और कंपनियों के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
पंजाब की राजनीति में मचा बवाल
इस कार्रवाई के बाद पंजाब की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार संजीव अरोड़ा के यहां रेड हुई है, लेकिन अब तक जांच एजेंसियों को कुछ खास हासिल नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है और यहां डराने की राजनीति सफल नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी माहौल बनते ही ईडी और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं को दबाने की कोशिश करती है।
Read Also : विजय सरकार का बड़ा ऐलान, 200 यूनिट फ्री बिजली समेत महिलाओं की सुरक्षा पर फोकस
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद अब पंजाब को निशाना बनाया जा रहा है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब के विकास कार्यों को रोकने और नेताओं पर दबाव बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि छापेमारी और जांच के जरिए विपक्षी नेताओं को तोड़ने की कोशिश हो रही है।
पहले भी हो चुकी है छापेमारी
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही मोहाली और चंडीगढ़ में करीब 12 ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की भूमिका भी खंगाल रही है। पंजाब की राजनीति में इस कार्रवाई के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
Read More :