Railway- आज से रेल सफर महंगा, साधारण और एसी श्रेणियों के किराये बढ़े

Read Time:  1 min
South Central Railway
South Central Railway
FONT SIZE
GET APP

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे द्वारा हाल ही में घोषित किया गया संशोधित रेल किराया आज, 26 दिसंबर से देश भर में प्रभावी हो गया है। रेलवे मंत्रालय (Railway Minister) ने स्पष्ट किया है कि यह नया किराया केवल आज या इसके बाद की जाने वाली नई बुकिंग पर ही लागू होगा। जिन यात्रियों ने इस तारीख से पहले अपनी टिकट बुक करा ली थी, उन्हें अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा।

पहले से बुक टिकट पर नहीं लगेगा अतिरिक्त बोझ

दैनिक यात्रियों और कम दूरी का सफर करने वालों के लिए राहत की बात यह है कि उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकट (पास) के किरायों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। इससे लोकल ट्रेनों (Local Train) से यात्रा करने वाले यात्रियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

दूरी और श्रेणी के हिसाब से बढ़े किराये

मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यात्रा की दूरी और श्रेणी के आधार पर किराए में संशोधन किया गया है। 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए साधारण श्रेणी के टिकट पर एक पैसा प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। वहीं, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की गैर-वातानुकूलित (Non AC) तथा सभी प्रकार की ट्रेनों की वातानुकूलित (एसी) श्रेणियों के लिए किराए में दो पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी लागू की गई है।

एक साल में दूसरी बार बढ़े रेल किराये

गौरतलब है कि एक साल के भीतर यह दूसरी बार है जब रेल किराए में संशोधन किया गया है। इससे पहले जुलाई महीने में भी रेलवे ने किरायों में इजाफा किया था।

इन प्रमुख ट्रेनों पर पड़ेगा सीधा असर

नई दरों का सीधा असर देश की प्रीमियम और एक्सप्रेस ट्रेनों पर पड़ेगा। इसमें तेजस राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, अमृत भारत, हमसफर, गतिमान, गरीब रथ और नमो भारत रैपिड रेल जैसी सेवाएं शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों के मूल किराए को नई श्रेणीवार दरों के अनुसार संशोधित किया गया है।

साधारण ट्रेनों में भी दिखेगा बदलाव

साधारण गैर-उपनगरीय सेवाओं में भी किराया बढ़ोतरी लागू होगी, हालांकि एसी मेमू और डेमू ट्रेनों को फिलहाल कुछ शर्तों के साथ इससे बाहर रखा गया है।

दूरी के अनुसार किराया स्लैब तय

रेलवे ने दूरी के हिसाब से किराया वृद्धि के लिए स्लैब तैयार किए हैं।

  • द्वितीय श्रेणी (सामान्य) में 215 किलोमीटर तक कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं
  • 216 से 750 किलोमीटर तक 5 रुपये अतिरिक्त
  • 751 से 1250 किलोमीटर तक 10 रुपये
  • 1251 से 1750 किलोमीटर तक 15 रुपये
  • 1751 से 2250 किलोमीटर तक 20 रुपये की बढ़ोतरी

इस नई व्यवस्था से लंबी दूरी की रेल यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।