नई दिल्ली। पीएम मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत ने दुनिया को संदेश दिया है कि भारत निवेश और इनोवेशन का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि पीएलआई स्कीम (PLI Scheme) ने ग्लोबल मैन्युफैक्चरर को मेक इन इंडिया की ओर आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाई है। बीते 11 सालों में 40 हजार से ज्यादा अनुपालनों को कम किया गया है। नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (National Single Window System) ने अनेकों अप्रोच को एक ही प्लेटफॉर्म पर ला दिया है।
भारत बड़े सपने ही नहीं, बड़े फैसले भी ले रहा है : पीएम
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी (PM Modi) ने हैदराबाद में सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन सर्विसेज इंडिया (एसएईएसआई) फैसिलिटी के उद्घाटन पर अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि आज का भारत केवल बड़े सपने नहीं देख रहा, बड़े फैसले भी ले रहा है और उनसे भी बढ़कर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहा है। भारत का फोकस ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर है। उन्होंने कहा कि आज से भारत का एविएशन सेक्टर एक नई उड़ान भरने जा रहा है। सफ्रान की नई फैसिलिटी भारत को एक ग्लोबल एमआरओ हब के रूप में स्थापित करेगी। हाईटेक और एयरोस्पेस की दुनिया में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराएगी।
तेजी से बदल रहा भारत का निवेश और उद्योग माहौल
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश और उद्योगों को आकर्षित करने के लिए स्वतंत्र भारत में कुछ बड़े सुधार किए गए हैं। अर्थव्यवस्था के दरवाजे खोले गए हैं, फंडामेंटल को मजबूत किया है और बिजनेस को आसान बनाया है। पीएम मोदी के मुताबिक डिफेंस जैसे सेक्टर जहां पहले प्राइवेट सेक्टर की जगह नहीं थी, वहां भी अब 74 फीसदी तक एफडीआई ऑटोमेटिक रूट से संभव हो गया है। स्पेस सेक्टर में भी बड़े सुधार लागू किए गए हैं।
एविएशन सेक्टर में बढ़ी एमआरओ सुविधाओं की मांग
उन्होंने कहा कि भारत के एविएशन सेक्टर में तेजी से विस्तार के चलते मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (एमआरओ) सुविधाओं की जरूरतें बढ़ रही हैं। भारत की एयरलाइन कंपनियों ने 1500 से ज्यादा एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दिया है। भारत का 85 फीसदी एमआरओ का काम विदेशों में होता था, जिससे लागत भी बढ़ती थी और एयरक्राफ्ट लंबे समय तक ग्राउंडेड रहते थे।
सफ्रान फैसिलिटी से बनेगा ग्लोबल एमआरओ हब
पीएम मोदी ने कहा कि सफ्रान की ग्लोबल ट्रेनिंग और नॉलेज ट्रांसफर से भारत में एक ऐसा वर्कफोर्स तैयार होगा, जो आने वाले समय में पूरे एमआरओ इकोसिस्टम को नई दिशा देगा। यह फैसिलिटी दक्षिण भारत के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर बनेगी। उन्होंने बताया कि देश शिपिंग से जुड़े एमआरओ इकोसिस्टम पर भी बड़े पैमाने पर काम कर रहा है।
एयरक्राफ्ट इंजन डिजाइन में भारतीय टैलेंट उपयोग का आग्रह
पीएम मोदी ने सफ्रान की टीम से आग्रह किया कि वे भारत में एयरक्राफ्ट इंजन और कंपोनेंट डिजाइन की संभावनाओं पर विचार करें। उन्होंने कहा कि भारत का व्यापक एमएसएमई नेटवर्क और युवा टैलेंट इस दिशा में कंपनी की बड़ी सहायता करेगा।
Read More :