मुख्य बातें: –
- उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बड़ा बस हादसा
- हादसे में 10 से ज्यादा यात्री घायल
- गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया
मंगलवार की सुबह यूपी के उन्नाव में एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बिहार के सीवान जिले में पुलिस लाइन में तैनात दारोगा रामचंद्र राम (59 वर्ष) और गुरुग्राम के रहने वाले कैदी छत्रपाल सिंह तोमर समेत 6 लोगों की मौत हो गई। यह घटना लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे (Lucknow-Agra Expressway) पर हुई, जब बस दिल्ली से बिहार आ रही थी।
10 से ज्यादा लोग घायल
जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल भी हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र राम बिहार (Bihar) के सीवान से कैदी छत्रपाल के साथ दिल्ली गए थे और वहीं से लौट रहे थे।
एक्सप्रेसवे पर कैसे हुआ हादसा?
औरास थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा के अनुसार, यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे (Agra Lucknow Expressway) के किलोमीटर संख्या 262 पर औरास थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस काफी तेज रफ्तार में थी।
डिवाइडर से टकराकर पलटी बस
बताया जा रहा है कि चालक ने संतुलन खो दिया, जिसके बाद बस डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सीवान एसपी ने हादसे की पुष्टि की
सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मंडल कारा के कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया था और पुलिस टीम बस से वापस लौट रही थी। उन्होंने कहा कि हादसे में पुलिस लाइन में तैनात दारोगा रामचंद्र राम और कैदी की मौत हो गई है, जबकि अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
अन्य पढ़े: West Bengal- पहचान और कार्रवाई पूरी, अब शुरू होगा घुसपैठियों का डिपोर्टेशन
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
एसपी ने बताया कि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घायल पुलिसकर्मियों के बेहतर इलाज के लिए उन्नाव जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।
Read More :