Telangana : फिट युवा ही विकसित भारत की नींव – राज्यपाल

Read Time:  1 min
राज्यपाल
राज्यपाल
FONT SIZE
GET APP

महबूबनगर। तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल (Governor Shiv Pratap Shukla) ने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं में खेल भावना और फिटनेस बेहद आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि फिट युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। राज्यपाल महबूबनगर जिला स्टेडियम में सांसद डी.के. अरुणा के नेतृत्व में आयोजित ‘प्रधानमंत्री सांसद खेल महोत्सव-2026’ के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास, टीम भावना, धैर्य और अनुशासन को बढ़ावा देते हैं। युवाओं का उत्साह और संकल्प ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला (Foundation Stone) है। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल महोत्सव ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर समावेशी विकास को गति देते हैं।

खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं

उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कार्यक्रम जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के तहत खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्रीय एकता के साधन भी हैं। राज्यपाल ने हर गांव के बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने योग और पारंपरिक मार्शल आर्ट्स को भी शारीरिक और मानसिक संतुलन के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत खेलों को शिक्षा से जोड़ने को भविष्य के चैंपियंस तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए आयोजकों, कोच, अभिभावकों और खिलाड़ियों की सराहना की और खेल भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

राज्यपाल

खेल युवाओं को सही दिशा देने के साथ उन्हें अनुशासित बनाते हैं

सांसद डी.के. अरुणा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सही दिशा देने के साथ उन्हें अनुशासित बनाते हैं। कार्यक्रम में विधायक येन्नम श्रीनिवास रेड्डी, महापौर ममता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव, अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर डायना डेविड, गोंगिडी तृषा रेड्डी और महिला प्रीमियर लीग की खिलाड़ी तृषा पूजिता सहित कई जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इससे पहले राज्यपाल का महबूबनगर स्थित आरएंडबी गेस्ट हाउस में स्वागत किया गया, जहां सांसद डी.के. अरुणा, जिलाधिकारी खुशबू गुप्ता और पुलिस अधीक्षक डी. जानकी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया।

क्रीड़ाओं से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव – एन. रामचंदर राव

युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलों को अनिवार्य बताते हुए भाजपा तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि स्वस्थ भारत और फिट इंडिया के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। वह महबूबनगर में आयोजित ‘पीएम सांसद खेल महोत्सव’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महबूबनगर में युवा खिलाड़ियों के उत्साह के बीच इस कार्यक्रम में शामिल होना बेहद सुखद है।

नई शिक्षा और खेल नीतियों की सराहना

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर लागू नई शिक्षा और खेल नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है और छात्रों को खेलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में जनप्रतिनिधियों द्वारा ऐसे खेल आयोजनों के जरिए ग्रामीण और स्कूल स्तर के छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिल रहा है। हाल के समय में युवाओं के नशे की ओर बढ़ते रुझान पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि खेल ही उन्हें गलत रास्तों से दूर रख सकते हैं और जिम्मेदार नागरिक बनने में मदद करते हैं।

राज्यपाल

बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखें

रामचंदर राव ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखें, बल्कि खेलों में भी प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि खेलों से तनाव कम होता है और स्वस्थ जीवनशैली विकसित होती है। उन्होंने ‘नशा मुक्त भारत’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने वाले आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई दी।

सांसद खेल महोत्सव कब शुरू होगा?

यह आयोजन अलग-अलग जिलों और सांसद क्षेत्रों में अलग तिथियों पर शुरू होता है, इसलिए इसकी एक ही राष्ट्रीय तारीख नहीं होती। उदाहरण के लिए कहीं 6–7 जनवरी, कहीं 21–22 जनवरी और कहीं अप्रैल में भी आयोजन हुआ है। स्थानीय सांसद, जिला प्रशासन और खेल विभाग इसकी तारीख तय करते हैं। सही जानकारी के लिए अपने जिले की आधिकारिक सूचना देखना सबसे बेहतर होता है।

सांसद खेल महोत्सव में कौन-कौन भाग ले सकता है?

इस खेल महोत्सव में बच्चे, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। कई स्थानों पर अंडर-9, अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17, ओवर-40, ओवर-50 और ओवर-60 जैसी श्रेणियां भी रखी जाती हैं। इसका उद्देश्य हर आयु वर्ग को खेलों से जोड़ना और प्रतिभा को मंच देना होता है।

सांसद खेल महोत्सव में कौन-कौन से गेम हैं?

इस आयोजन में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज, तैराकी, योगासन, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट, मलखंब और कई स्थानीय खेल शामिल हो सकते हैं। खेलों की सूची स्थान के अनुसार बदल सकती है। कुछ जिलों में क्रिकेट और कबड्डी प्रमुख होते हैं, जबकि अन्य जगहों पर एथलेटिक्स और टीम गेम्स पर अधिक ध्यान दिया जाता है।

Read Telugu News: https://vaartha.com/

यह भी पढ़ें :

Ajay Kumar Shukla

लेखक परिचय

Ajay Kumar Shukla

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।