हैदराबाद। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव (N. Ramchandar Rao) ने आरोप लगाया कि बीआरएस भय और राजनीतिक हताशा के कारण भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए प्रत्येक आह्वान का उद्देश्य केवल राष्ट्रहित है तथा “मेरा भारत-मेरा योगदान” का अर्थ है कि हर नागरिक राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए। रामचंदर राव ने यहां भाजपा (BJP) प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में आगामी पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन सुदृढ़ीकरण, जनसमस्याओं के समाधान तथा बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में आगामी पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा की
बैठक में अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र ही देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। इस अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस के तहत देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही केंद्र सरकार ने ऊर्जा संरक्षण पर केंद्रित “मेरा भारत-मेरा योगदान” अभियान शुरू किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को इन तीनों विषयों पर सक्रिय रूप से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया इस समय तेल संकट से जूझ रही है। कई देशों में ईंधन की कीमतें बढ़ चुकी हैं और कुछ देशों में राशनिंग व्यवस्था लागू करनी पड़ी है। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने देशवासियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया।
ईंधन की बचत करना समय की आवश्यकता
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की बचत करना समय की आवश्यकता है। रामचंदर राव ने कहा कि ईरान-अमेरिका तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण भविष्य में तेल संकट और गहरा सकता है। ऐसे में लोगों को कारपूलिंग अपनानी चाहिए, सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो और आरटीसी बसों का अधिक उपयोग करना चाहिए तथा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना चाहिए। जहां संभव हो, वहां वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था भी अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं आज इलेक्ट्रिक कार से पार्टी कार्यालय पहुंचे। यह प्रचार के लिए नहीं बल्कि लोगों को जीवनशैली में बदलाव लाने का संदेश देने के लिए था।
पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी इन उपायों को अपनाने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण के लिए स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के शासन में देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राजनीतिक माहौल पर टिप्पणी करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीआरएस व्यक्तिगत हमलों और बदनाम करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टरों, सोशल मीडिया और कुछ मीडिया संस्थानों के जरिए करोड़ों रुपये खर्च कर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है और इस अभियान का नेतृत्व केटीआर कर रहे हैं।

किसी ने गलती की है तो कानून करेगा अपना काम
उन्होंने कहा कि यदि किसी ने गलती की है तो कानून अपना काम करेगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार के परिवार से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि परिवार के किसी सदस्य ने कोई अपराध किया है तो कानून के अनुसार कार्रवाई होगी और अदालत निर्णय करेगी। अग्रिम जमानत लेना कानून के तहत अधिकार है, इसे भागना नहीं कहा जा सकता। रामचंदर राव ने कहा कि बीआरएस नेताओं को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल के मामलों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कलेश्वरम परियोजना में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच शुरू होते ही अदालत का रुख करने वाले लोग अब नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस शासनकाल में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भारी वृद्धि हुई।
2014 में तेलंगाना में महिलाओं के खिलाफ 14,147 मामले दर्ज
एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में तेलंगाना में महिलाओं के खिलाफ 14,147 मामले दर्ज हुए थे, जो 2023 तक बढ़कर 23,679 हो गए, जो लगभग 67 प्रतिशत की वृद्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस शासनकाल में कई कॉरपोरेटरों और नेताओं पर दुष्कर्म, उत्पीड़न तथा नाबालिगों पर हमले जैसे गंभीर आरोप लगे। उन्होंने कहा कि युवतियों को नशीला पदार्थ देकर अपहरण करने और निर्मल नगरपालिका में नाबालिग से दुष्कर्म के मामलों में भी तत्कालीन टीआरएस नेताओं के नाम सामने आए थे। बीआरएस पर तीखा हमला करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि ऐसे इतिहास वाली पार्टी को महिलाओं की सुरक्षा और नैतिकता पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने प्रश्न किया कि उन घटनाओं के समय क्या केसीआर ने इस्तीफा दिया था या केटीआर ने जिम्मेदारी ली थी। दिल्ली शराब घोटाले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केटीआर के परिवार से जुड़े आरोप सामने आने के बावजूद बीआरएस नेतृत्व ने इस्तीफा नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेश्वरम परियोजना और फॉर्मूला-ई रेस मामले की जांच में फंसने के डर से बीआरएस नेता भाजपा के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं।
Read Telugu News: https://vaartha.com/
यह भी पढ़ें :