Rajya Sabha- कांग्रेस का आरोप-राज्यसभा चुनाव में विधायकों को 5-5 करोड़ का ऑफर

Read Time:  1 min
राज्यसभा चुनाव
राज्यसभा चुनाव
FONT SIZE
GET APP

बेंगलुरु। राज्यसभा चुनाव से पहले कर्नाटक की राजनीति में बड़ा विवाद सामने आया है। कर्नाटक (Karnatka) के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (D K Shiv Kumar) ने आरोप लगाया है कि ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को क्रॉस-वोटिंग के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि ओडिशा के कांग्रेस विधायक इन दिनों बेंगलुरु के पास बिदादी स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर विधायकों से संपर्क कर उन्हें पैसे का प्रस्ताव दिया।

विधायकों ने ठुकराया प्रस्ताव

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने इस प्रस्ताव को तुरंत ठुकरा दिया और इसकी जानकारी पार्टी नेतृत्व को दे दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। उन्होंने बताया कि चार लोग रिसॉर्ट पहुंचे थे, जिनमें से दो को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुछ ब्लैंक चेक भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

‘ऑपरेशन लोटस’ का लगाया आरोप

डीके शिवकुमार ने इस घटना को भाजपा का तथाकथित ‘ऑपरेशन लोटस’ (Operation Lotus) बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं हैं और मामले की पूरी जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस विधायक दल ने दर्ज कराई शिकायत

इस मामले में ओडिशा कांग्रेस विधायक दल के डिप्टी लीडर अशोक कुमार दास ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि चार अज्ञात लोगों ने कुछ विधायकों से संपर्क कर उन्हें राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस-वोटिंग करने के लिए करोड़ों रुपये का ऑफर दिया। दास ने यह भी आरोप लगाया कि जब विधायकों ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो उन्हें ओडिशा लौटने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

अन्य पढ़े: Bihar- बिहार में गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, साइकिल दुकान से 24 सिलेंडर बरामद

राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

बताया जा रहा है कि ओडिशा के आठ कांग्रेस विधायक 12 मार्च से बेंगलुरु के एक रिसॉर्ट में ठहरे हुए हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले संभावित हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका को देखते हुए उन्हें यहां ठहराया गया है। ओडिशा की चार राज्यसभा सीटों के लिए सोमवार को मतदान होना है। इनमें दो सीटों पर भाजपा और एक सीट पर बीजू जनता दल के उम्मीदवार की जीत की संभावना जताई जा रही है, जबकि चौथी सीट के लिए मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। कांग्रेस और बीजू जनता दल ने एक-एक उम्मीदवार उतारा है, वहीं भाजपा ने अतिरिक्त उम्मीदवार मैदान में उतारकर चुनाव को और रोचक बना दिया है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।