मशहूर गायक शंकर महादेवन ने दी प्रस्तुति और देशभक्ति के गानों से बांध दिया समां
आईपीएल 2025 का समापन समारोह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया गया। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाया गया और दर्शकों ने तिरंगा लहराकर सेना के शौर्य को सलाम किया। कार्यक्रम में मशहूर गायक शंकर महादेवन ने प्रस्तुति दी और देशभक्ति के गानों से समां बांध दिया। समापन समारोह के दौरान आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष रोजर बिन्नी और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सशस्त्र बलों को समर्पित था आईपीएल का समापन समारोह
आईपीएल का समापन समारोह सशस्त्र बलों को समर्पित था। बीसीसीआई ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने का फैसला किया था और समापन समारोह के लिए सीडीएस सहित तीनों सेनाओं के प्रमुखों को न्योता दिया था। हालांकि, स्टेडियम में सीडीएस या तीनों सेनाओं के प्रमुख नहीं आए। समापन समारोह के दौरान सिर्फ देशभक्ति के गानें बजाए गए और शंकर महादेवन ने भी इन्हीं गानों पर प्रस्तुति दी।
‘केसरी रंग’ गाने के साथ हुई आईपीएल समापन समारोह की शुरुआत
आईपीएल समापन समारोह की शुरुआत ‘केसरी रंग’ गाने के साथ हुई। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ‘जय हो’ गाने की धुन पर दर्शक झूम उठे। समापन समारोह के दौरान मशहूर गायक शंकर महादेवन प्रस्तुति दी। उन्होंने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए की। इस दौरान शंकर महादेवन के साथ उनके बेटे शिवम और सिद्धार्थ भी मंच पर मौजूद रहे।

महादेवन ने देशभक्ति गाने गाकर स्टेडियम का माहौल जोश से भरा
शंकर महादेवन ने ‘ऐ वतन’ और ‘कंधों से मिलते हैं कदम’ जैसे देशभक्ति गाने गाकर स्टेडियम का माहौल जोश में भर दिया। दर्शक तिरंगा लहराते रहे और सशस्त्र बलों के शौर्य को सराहा। मंच के सामने कलाकारों ने भी अपने नृत्य से समां बांधा। अंत में स्टेडियम में ‘भारत माता की जय’ के जयकारों से स्टेडियम गूंज उठा। दर्शकदीर्घा पर मौजूद दर्शकों ने भी पूरे जोश के साथ भारतीय सेना के शौर्य को सलाम किया।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर किए थे सटीक हमले
भारत ने सात मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल हैं। इससे घबराए पाकिस्तान ने 10 मई को भारत के सामने सीजफायर का प्रस्ताव रखा, जिसे दोनों देशों ने आपसी चर्चा के बाद लागू कर लिया।
- USA- ईरान से बातचीत पर कोई तय समयसीमा नहीं : ट्रंप
- IPL 2026- जहीर खान की सलाह , पहले टी20 टीम में जगह पक्की करें श्रेयस
- IPL 2026- विश्वकप खेलने का लक्ष्य, सीनियर टीम में जगह बनाना चाहता है वैभव
- IRAN- ईरान की बड़ी कार्रवाई : होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर फायरिंग, दो कब्जे में
- West Bengal Voting LIVE : 11 बजे तक 41.11% मतदान, गर्मी से एक वोटर की मौत