नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी के बाद अब हंतावायरस (Hantavirus) के एक नए और खतरनाक स्ट्रेन ने दुनिया भर की स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण अमेरिका (South America) से रवाना हुए एक क्रूज शिप पर संक्रमण फैलने के बाद कई देशों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि संक्रमित यात्री करीब 12 देशों तक पहुंच चुके हैं, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निगरानी तेज कर दी गई है।
क्रूज यात्रा के दौरान फैला संक्रमण
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अप्रैल महीने में एक क्रूज शिप अर्जेंटीना (Argentina) के उशुआइया बंदरगाह से रवाना हुआ था, जिसमें करीब 150 यात्री सवार थे। यात्रा के दौरान दो डच यात्री दक्षिण अमेरिका के एक कचरा क्षेत्र में पक्षी देखने गए थे, जहां उनका संपर्क संक्रमित चूहों से हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि यहीं से वायरस जहाज पर फैला। अब तक पांच संक्रमित मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें तीन लोगों की मौत बताई जा रही है।
क्या है एंडीज स्ट्रेन का खतरा?
विशेषज्ञों के अनुसार, हंतावायरस आमतौर पर संक्रमित चूहों के मल-मूत्र, लार या उनके संपर्क में आने से फैलता है। लेकिन इस बार सामने आया “एंडीज स्ट्रेन” ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह स्ट्रेन खांसने, छींकने, किस करने या एक ही गिलास और स्ट्रॉ इस्तेमाल करने से भी फैल सकता है। संक्रमित व्यक्ति के बेहद करीबी लोगों में संक्रमण का खतरा अधिक बताया गया है।
कई देशों में पहुंच चुके हैं यात्री
24 अप्रैल को यह क्रूज शिप सेंट हेलेना द्वीप पर रुका था, जहां 29 यात्री उतर गए। उस समय तक संक्रमण की जानकारी सामने नहीं आई थी। बाद में ये यात्री कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड, जर्मनी, तुर्की, सिंगापुर और न्यूजीलैंड समेत कई देशों में पहुंच गए। इसके बाद विभिन्न देशों की स्वास्थ्य एजेंसियां इन यात्रियों की पहचान कर निगरानी और आइसोलेशन की प्रक्रिया में जुट गई हैं।
क्या कोविड जैसी महामारी का खतरा है?
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल यह स्थिति कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी बनने की संभावना कम रखती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, हंतावायरस कोई नया वायरस नहीं है और यह कई दशकों से मौजूद है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह वायरस सामान्य फ्लू की तरह तेजी से नहीं फैलता, क्योंकि संक्रमण के लिए अत्यधिक वायरल लोड और बहुत करीबी संपर्क जरूरी होता है।
अन्य पढ़े: क्षेत्रीय संगीत का बढ़ता दबदबा
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। चूहों वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने, भोजन और पेय पदार्थ साझा न करने तथा बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है। फिलहाल दुनियाभर की स्वास्थ्य एजेंसियां स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।
Read More :