नई दिल्ली । भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर (S Jaishankar) की ढाका में पाकिस्तानी संसद के स्पीकर अयाज सादिक से मुलाकात और हाथ मिलाना अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में चर्चा का विषय बन गया है। यह मुलाकात बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के जनाजे के दौरान हुई, जहां कई देशों के शीर्ष नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली आमने-सामने मुलाकात
भारत–पाकिस्तान के बीच मई में हुए ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बाद यह पहला मौका है, जब दोनों देशों के बड़े नेताओं ने आमने-सामने मुलाकात की और औपचारिक रूप से हाथ मिलाया। इसी वजह से इस मुलाकात को कूटनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
खेल मैदान की घटनाओं से अलग दिखा यह दृश्य
इससे पहले एशिया कप क्रिकेट के दौरान भारतीय टीम द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करने और बाद में एसीसी चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से परहेज करने को लेकर विवाद हुआ था। ऐसे माहौल में जयशंकर और पाकिस्तानी स्पीकर की यह मुलाकात अलग संदेश देती नजर आई।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीर
दोनों नेताओं के हाथ मिलाते हुए तस्वीर बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस (Mohammad Yunus) ने सोशल मीडिया पर साझा की है। तस्वीर सामने आने के बाद इसे मानवीय संवेदना और शिष्टाचार से जोड़कर देखा जा रहा है।
खालिदा जिया का अंतिम संस्कार, जुटा जनसैलाब
पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को शाम 5 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उन्हें संसद परिसर स्थित जिया उद्यान में उनके पति और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान की कब्र के पास दफनाया गया। उनके जनाजे में देशभर से करीब 10 लाख लोग शामिल हुए।
तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
खालिदा जिया का मंगलवार सुबह 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह पिछले करीब 20 दिनों से अस्पताल में वेंटिलेटर पर थीं। उनके निधन पर बांग्लादेश सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। इस दौरान सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सरकारी कार्यक्रम स्थगित रहेंगे।
Read More :