Weather- मानसून देगा जल्द दस्तक, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

Read Time:  1 min
मानसून
मानसून
FONT SIZE
GET APP

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य समय से करीब चार दिन पहले केरल पहुंच सकता है। आमतौर पर मानसून 1 जून तक केरल तट पर दस्तक देता है, लेकिन इस बार इसके 25 से 27 मई के बीच पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे मानसून को तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिल रही है। इसका असर दक्षिण भारत (South India) समेत कई राज्यों में बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है।

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड और ओडिशा (Odisha) समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार और उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिला, जहां कई घरों और गोशालाओं की छतें उड़ गईं। पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा भी बना हुआ है।

राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर जारी

एक तरफ देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में हीटवेव का प्रकोप जारी है। सोमवार को राजस्थान का बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 46.5 डिग्री, फलोदी में 45.6 डिग्री और बीकानेर में 45.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मध्य प्रदेश के रतलाम में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया।

दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 14 से 17 मई के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम, मेघालय और मणिपुर सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर ओडिशा में भी देखने को मिल सकता है। राज्य के कई जिलों में अगले छह दिनों तक बारिश का अनुमान है। करीब 20 जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

अन्य पढें: सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल: चांदी ₹2.56 लाख के पार

अगले दो दिनों का मौसम अपडेट

13 मई का पूर्वानुमान

  • पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी।
  • पंजाब और हरियाणा में तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा है।

14 मई को और बदलेगा मौसम

  • पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
  • जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है।
  • बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।