कोलकाता। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों पर तैनात पीठासीन अधिकारियों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। इनका उद्देश्य ईवीएम (EVM) से छेड़छाड़ रोकना और निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करना है।
ईवीएम बटनों को लेकर सख्त नियम
आयोग के निर्देश के अनुसार बैलट यूनिट (Ballet Unit) पर लगे सभी उम्मीदवारों के बटन पूरी तरह साफ और स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए। किसी भी बटन को टेप, गोंद या अन्य चिपकने वाले पदार्थ से ढंकना या छिपाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
रंग, स्याही या केमिकल लगाने पर रोक
बैलट यूनिट के बटनों पर किसी भी प्रकार का रंग, स्याही, परफ्यूम, केमिकल (Perfume and Chemical) या अन्य पदार्थ लगाना सख्त मना है। आयोग के मुताबिक ऐसा करने से मतदान की गोपनीयता प्रभावित हो सकती है, क्योंकि इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा सकती है कि किस बटन को दबाया गया है।
गड़बड़ी मिलने पर तुरंत सूचना जरूरी
यदि किसी मतदान केंद्र पर बटन ढका हुआ मिले या उस पर कोई पदार्थ लगा पाया जाए, तो पीठासीन अधिकारी को तुरंत सेक्टर अधिकारी या रिटर्निंग अधिकारी को सूचित करना होगा। ऐसे मामलों को ईवीएम से छेड़छाड़ मानते हुए चुनावी अपराध की श्रेणी में रखा जाएगा।
पुनर्मतदान का भी हो सकता है आदेश
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी बूथ पर इस तरह की गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो वहां पुनर्मतदान कराया जा सकता है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मतदान से पहले लागू हुए निर्देश
ये निर्देश पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से ठीक पहले लागू किए गए हैं। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं, जिसका दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा।
Read Also : Bihar- बिहार में बीजेपी हाईकमान का फैसला, संगठन और सरकार में बड़े बदलाव तय
अन्य राज्यों में प्रक्रिया पूरी, 4 मई को नतीजे
केरल, पुडुचेरी और असम में मतदान प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। इन सभी राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। साथ ही आयोग ने यह भी साफ किया है कि चुनाव ड्यूटी में लगे किसी भी अधिकारी की लापरवाही या पक्षपात को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Read More :