नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट को जल्द ही एक धाकड़ तेज गेंदबाज मिलने जा रहा है। 29 वर्षीय पेसर आकिब नबी रेड बॉल क्रिकेट में लगातार कमाल करते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट (International Cricket) की दहलीज पर दस्तक दे रहे हैं। मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में उनकी घातक गेंदबाजी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने पूरे सीजन बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया और फाइनल मुकाबले में भी अपना दम साबित किया।
फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ कहर
कर्नाटक के खिलाफ केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड (Cricket Ground) में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले की पहली पारी में नबी ने शानदार 5 विकेट चटकाए। उनकी दमदार गेंदबाजी की बदौलत कर्नाटक की पारी 293 रन पर सिमट गई और जम्मू-कश्मीर ने 291 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर इतिहास रचने की ओर कदम बढ़ा दिए। रणजी फाइनल के चौथे दिन पहले सेशन में दो विकेट लेकर नबी ने अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया। तीसरे दिन उन्होंने तीन विकेट लिए थे। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 16वां और मौजूदा रणजी सीजन का सातवां 5 विकेट हॉल है।
आंकड़ों में दमदार प्रदर्शन
नबी ने कुल 23 ओवर फेंके, जिसमें 7 मेडन ओवर शामिल रहे। उन्होंने केवल 54 रन देकर 5 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा और 2.30 की किफायती इकॉनमी बनाए रखी। उन्होंने केएल राहुल, मयंक अग्रवाल और करुण नायर जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को शिकार बनाया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ आकिब नबी रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने उत्तराखंड के मयंक मिश्रा को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 59 विकेट थे। नबी अपने 10वें मैच तक 60 विकेट ले चुके हैं। इससे पहले वे 9 मैचों में 55 विकेट ले चुके थे। पूरे सीजन में उन्होंने दो बार 4 विकेट और 7 बार 5 विकेट हॉल दर्ज किया है।
अन्य पढ़े: अभिषेक की समझदारी भरी पारी पर सुनील गावस्कर ने जताई खुशी
इतिहास में दर्ज हुआ नाम
आकिब ने इस सीजन 60 विकेट लेकर रणजी ट्रॉफी के 92 साल के इतिहास में एक सीजन में इतने विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में जगह बनाई है। उनका फर्स्ट क्लास करियर भी शानदार रहा है, जहां वे अब तक 41 मैचों में 156 विकेट ले चुके हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में भी उनके नाम 56 विकेट दर्ज हैं। ऐसे में उनकी फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ता जल्द ही उन्हें टीम इंडिया में मौका दे सकते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली भी आकिब नबी की प्रतिभा से प्रभावित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जम्मू-कश्मीर ने साबित किया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से असंभव भी संभव है। गांगुली ने बीसीसीआई अधिकारियों को टैग करते हुए कहा कि आकिब नबी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के बेहद करीब हैं और इंग्लैंड में गर्मियों के दौरान उन्हें मौका दिया जाना चाहिए।
Read More :