North Korea-उत्तर कोरिया का शक्ति प्रदर्शन, किम जोंग उन ने मल्टी-रॉकेट टेस्ट का किया निरीक्षण

Read Time:  1 min
उत्तर कोरिया
उत्तर कोरिया
FONT SIZE
GET APP

प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन (Kim Jong Un) ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए शक्तिशाली मल्टी-रॉकेट लॉन्चर परीक्षण का निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि इस दौरान उनकी बेटी किम जू ऐ (Kim Zo E) भी उनके साथ मौजूद थीं। सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को देश के पूर्वी तट पर 600 मिमी कैलिबर के अति-सटीक रॉकेट प्रक्षेपकों का परीक्षण किया गया। इसे अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच चल रहे वार्षिक फ्रीडम शील्ड (Freedom Shield) सैन्य अभ्यास के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

अमेरिका-दक्षिण कोरिया को कड़ा संदेश

उत्तर कोरिया ने पहले ही चेतावनी दी थी कि वह संयुक्त सैन्य अभ्यासों का कड़ा जवाब देगा, जिन्हें वह अपने खिलाफ आक्रमण की तैयारी मानता है। परीक्षण के दौरान किम जोंग उन ने कहा कि यह अभ्यास उनके दुश्मनों को स्पष्ट संदेश देने के लिए पर्याप्त है। उन्होंने दावा किया कि इन हथियारों की मारक क्षमता के दायरे में आने वाला प्रतिद्वंद्वी का कोई भी सैन्य ढांचा सुरक्षित नहीं रहेगा। किम ने यह भी कहा कि इस परीक्षण से दुनिया उत्तर कोरिया के सामरिक परमाणु हथियारों की विनाशकारी ताकत को बेहतर ढंग से समझ सकेगी।

दक्षिण कोरिया ने की कड़ी निंदा

दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, शनिवार को उत्तर कोरिया की ओर से पूर्वी सागर की दिशा में लगभग 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। दक्षिण कोरिया की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इस कदम की तीखी आलोचना करते हुए इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन बताया। विशेषज्ञों का कहना है कि करीब 420 किलोमीटर की मारक क्षमता वाले इन रॉकेट्स का मुख्य निशाना दक्षिण कोरिया और वहां तैनात अमेरिकी सैन्य ठिकाने हो सकते हैं।

अन्य पढ़े: National- वीजा नियमों में ढील, तय समय से ज्यादा रुकने पर नहीं लगेगा जुर्माना

किम जू ऐ फिर आईं नजर

इस सैन्य निरीक्षण के दौरान किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ भी उनके साथ दिखाई दीं। जारी तस्वीरों में पिता-पुत्री विशाल जैतूनी-हरे रंग के लॉन्चिंग ट्रकों के पास चलते हुए और हथियारों के प्रक्षेपण का अवलोकन करते हुए नजर आए। करीब 13 वर्षीय किम जू ऐ 2022 के अंत से ही कई सैन्य परेड और हथियार परीक्षणों में अपने पिता के साथ दिखाई देती रही हैं। दक्षिण कोरियाई खुफिया एजेंसियों का अनुमान है कि किम जोंग उन अपनी बेटी को भविष्य के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में तैयार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि किम जोंग उन हाल के दिनों में अमेरिका को चेतावनी दे चुके हैं कि यदि दक्षिण कोरिया के साथ मिलकर कोई भी सैन्य कार्रवाई की गई, तो उसका परिणाम बेहद विनाशकारी हो सकता है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।