Bihar Weather- बिहार में आज तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी

Read Time:  1 min
प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर
FONT SIZE
GET APP
  • राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है
  • मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में जहां गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं कुछ जिलों में हल्की बारिश (Rain) और बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के सभी 38 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।विभाग ने 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) और 22 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बिजली गिरने की भी आशंका

मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। इसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। खासतौर पर किसानों को सलाह दी गई है कि मौसम खराब रहने के दौरान खेतों में काम करने से बचें। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर (Computer) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग मुख्य बोर्ड से निकाल देने की सलाह दी गई है, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

समय से पहले आ सकता है मॉनसून

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस बार बिहार में मॉनसून सामान्य समय से पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर राज्य में 12 से 15 जून के बीच मॉनसून पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 8 से 10 जून के बीच आने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि केरल में मॉनसून के जल्दी पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं, जिसका असर बिहार समेत पूर्वी भारत के राज्यों पर भी पड़ सकता है।

तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर बिहार के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। शुक्रवार को भभुआ में सबसे अधिक 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं पटना में 37.1 डिग्री, गया में 37.6 डिग्री, भागलपुर में 35.6 डिग्री और बक्सर में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अन्य पढ़े: Entertainment- मां बनना हर महिला के जीवन का सबसे खूबसूरत पल : दीपिका सिंह

लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की है। साथ ही यात्रा के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।