Latest Hindi News : USA-फाइनल एग्जाम के समय ब्राउन यूनिवर्सिटी में फायरिंग, दो की मौत

Read Time:  1 min
ब्राउन यूनिवर्सिटी
ब्राउन यूनिवर्सिटी
FONT SIZE
GET APP

अमेरिका । अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य में स्थित प्रतिष्ठित ब्राउन यूनिवर्सिटी शनिवार को उस वक्त दहशत के साये में आ गई, जब फाइनल एग्जाम (Final Exam) के दौरान इंजीनियरिंग बिल्डिंग में एक हथियारबंद हमलावर ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद पूरे कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया।

इंजीनियरिंग बिल्डिंग में हुई फायरिंग

यह घटना यूनिवर्सिटी की बारुस एंड होली बिल्डिंग में हुई, जो स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग और फिजिक्स डिपार्टमेंट का हिस्सा है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के भीतर इंजीनियरिंग डिजाइन (Engineering Design) का फाइनल एग्जाम चल रहा था, तभी काले कपड़ों में एक शख्स ने गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से छात्र और फैकल्टी में भगदड़ मच गई।

यूनिवर्सिटी ने जारी किया एक्टिव शूटर अलर्ट

गोलीबारी की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तत्काल एक्टिव शूटर अलर्ट जारी किया। छात्रों और कर्मचारियों को दरवाजे बंद करने, मोबाइल फोन साइलेंट रखने और सुरक्षित स्थानों पर छिपने के निर्देश दिए गए। पूरे कैंपस को लॉकडाउन कर दिया गया।

चप्पे-चप्पे पर हमलावर की तलाश

प्रॉविडेंस शहर के डिप्टी चीफ ऑफ पुलिस टिमोथी ओ’हारा ने बताया कि हमलावर एक पुरुष है, जो काले कपड़े पहने हुए था और घटना के बाद होप स्ट्रीट की ओर फरार हो गया। गोलीबारी के कई घंटे बाद तक पुलिस और सुरक्षा बल कैंपस की इमारतों और आसपास के इलाकों की तलाशी लेते रहे।

घायलों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर

प्रॉविडेंस के मेयर ब्रेट स्माइली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गोलीबारी में घायल सभी लोगों को रोड आइलैंड हॉस्पिटल (Iland Hospital) में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर है, लेकिन फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मेयर ने कहा कि हमलावर को पकड़ने के लिए सभी संसाधन झोंक दिए गए हैं।

कैंपस और आसपास शेल्टर-इन-प्लेस आदेश

घटना के बाद कैंपस और आसपास के इलाकों में शेल्टर-इन-प्लेस का आदेश जारी किया गया है। लोगों से घरों में रहने और बाहर न निकलने की अपील की गई है। जांच में एफबीआई भी स्थानीय पुलिस की मदद कर रही है।

छात्रों में दहशत, आंखों देखी बयां

एनडीटीवी के मुताबिक, एक छात्र ने बताया कि वह घटना के समय अपनी डॉर्म में प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था। सायरन और एक्टिव शूटर अलर्ट मिलते ही वह डर के मारे कमरे में ही छिप गया। वहीं अन्य छात्रों ने बताया कि अलर्ट मिलते ही वे लैब में डेस्क के नीचे छिप गए और लाइटें बंद कर दीं। पूरा कैंपस खामोशी और डर के माहौल में डूब गया।

Read Also : कोलकाता में बढ़ते विद्रोह के चलते अंग्रेजों ने दिल्ली को बनाया राजधानी

यूनिवर्सिटी प्रशासन का बयान

यूनिवर्सिटी के प्रोवोस्ट फ्रांसिस डोयल ने कहा कि फाइनल एग्जाम के दौरान इस तरह की घटना बेहद भयावह है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि घटना के समय बिल्डिंग में कौन-कौन मौजूद था।

व्हाइट हाउस और शीर्ष नेताओं की प्रतिक्रिया

घटना की जानकारी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दे दी गई है। व्हाइट हाउस में उन्होंने कहा कि इस समय पीड़ितों के लिए प्रार्थना करने के अलावा और कुछ नहीं किया जा सकता। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्हें ब्राउन यूनिवर्सिटी की गोलीबारी की जानकारी मिली है और एफबीआई मौके पर मौजूद है।

उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने भी एक्स पर पोस्ट कर घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Read More :

Anuj Kumar

लेखक परिचय

Anuj Kumar

सूचना : इस वेबसाइट पर प्रकाशित खबरें केवल पाठकों की जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं। हम अपनी ओर से यथासंभव सही और सटीक जानकारी प्रदान करने का प्रयास करते हैं।