मुख्य बातें: –
- पिछले साल का 8560 मेगावाट का रिकॉर्ड टूटा
- राज्य में बिजली उपलब्धता 10440 मेगावाट तक पहुंची
- एसी, कूलर और फ्रिज के बढ़ते उपयोग से मांग में उछाल
पटना। बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी (Scorching heat) और उमस के बीच बिजली की मांग ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार को राज्य में बिजली खपत 8818 मेगावाट तक पहुंच गई, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है। इससे पहले पिछले वर्ष 12 जुलाई को 8560 मेगावाट की रिकॉर्ड खपत दर्ज की गई थी। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण एसी, कूलर और फ्रिज के उपयोग में तेजी आई है, जिससे बिजली लोड लगातार बढ़ रहा है।
जुलाई से पहले ही टूटा पुराना रिकॉर्ड
बिजली कंपनियों को उम्मीद थी कि इस वर्ष जुलाई में नया रिकॉर्ड बन सकता है, लेकिन मई महीने में ही पुराना रिकॉर्ड टूट गया। सोमवार को राज्य में बिजली मांग 8200 मेगावाट और मंगलवार को 8000 मेगावाट से अधिक दर्ज की गई थी। ऊर्जा विभाग का अनुमान है कि वर्ष 2026-27 की गर्मियों में बिजली की पीक डिमांड (Peak electricity demand) 9500 से 9600 मेगावाट तक पहुंच सकती है। जुलाई से सितंबर के बीच मांग और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
बिजली उपलब्धता 10440 मेगावाट तक पहुंची
राज्य में वर्तमान समय में बिजली उपलब्धता 10440 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी एनटीपीसी (NTPC) की उत्पादन इकाइयों से मिल रही बिजली की है। ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब एसी, कूलर और अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग तेजी से बढ़ा है, जिससे खपत में लगातार इजाफा हो रहा है।
20 वर्षों में पांच गुना बढ़ी प्रति व्यक्ति खपत
बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान प्रति व्यक्ति बिजली खपत में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
- वर्ष 2005 में प्रति व्यक्ति बिजली खपत 75 किलोवाट थी
- 2012 में यह बढ़कर 134 किलोवाट हुई
- 2014 में 160 किलोवाट दर्ज की गई
- 2025 में यह आंकड़ा 363 किलोवाट तक पहुंच गया
इसी तरह बिजली उपभोक्ताओं की संख्या भी 17 लाख से बढ़कर 2 करोड़ 14 लाख तक पहुंच गई है।
बिहार की 10 प्रतिशत बिजली अकेले पटना में खपत
राजधानी पटना में बिजली मांग सबसे तेजी से बढ़ रही है। पटना इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई यूनिट (पेसू) क्षेत्र में राज्य की कुल बिजली खपत का करीब 10 प्रतिशत लोड दर्ज हो रहा है।
Read Also : Weather- गर्मी का कहर : दिल्ली-यूपी में तापमान 45 डिग्री के पार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पेसू के आंकड़ों के अनुसार:
- 6 मई : 492 मेगावाट
- 14 मई : 632.1 मेगावाट
- 16 मई : 755.5 मेगावाट
- 17 May : 814.4 मेगावाट
- 19 मई : 808.6 मेगावाट
अधिकारियों के मुताबिक सबसे ज्यादा बिजली लोड रात 8 बजे से मध्यरात्रि तक दर्ज हो रहा है।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है मांग
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक तापमान में राहत नहीं मिली तो बिजली खपत में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसे देखते हुए पेसू और बिजली कंपनियों ने निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
Read More :